![]()
झज्जर के नागरिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा के नाम पर एक ऐसा सिस्टम चल रहा है, जो अब कई सवाल खड़े कर रहा है। अस्पताल की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) के बाहर निजी मेडिकल स्टोर संचालित हैं, जबकि अस्पताल परिसर की तरफ से इन्हीं दुकानों तक पहुंचने के लिए दीवार के सहारे सीढ़ियां लगा दी गई हैं। मरीज और उनके परिजन अस्पताल के अंदर से इन सीढ़ियों पर चढ़कर सीधे बाहर बने मेडिकल स्टोरों से दवाइयां खरीदते हैं। अस्पताल परिसर के बाहर एक-दो नहीं बल्कि करीब दर्जनभर से अधिक निजी मेडिकल स्टोर संचालित हैं। अधिकांश दुकानों पर इसी तरह की व्यवस्था देखने को मिलती है, जहां अस्पताल की तरफ से सीढ़ियां लगाकर दवा खरीदने का रास्ता बना हुआ है। बताया जाता है कि डॉक्टरों द्वारा जब बाहर से दवा खरीदने की सलाह दी जाती है तो मरीज इन्हीं सीढ़ियों के जरिए संबंधित मेडिकल स्टोर तक पहुंचते हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अस्पताल की बाउंड्री वॉल पर इस तरह सीढ़ियां लगाकर आवाजाही की अनुमति किसने दी। क्या इसके लिए स्वास्थ्य विभाग या अस्पताल प्रशासन की कोई आधिकारिक मंजूरी है, या फिर यह व्यवस्था बिना किसी लिखित अनुमति के वर्षों से चल रही है? इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी भी अधिकारी ने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। अधिकारियों की चुप्पी से यह मामला और अधिक सवालों के घेरे में आ गया है। सीढ़ी मार्केट’ के नाम से पहचान बनाने लगी जगह स्थानीय लोगों के बीच नागरिक अस्पताल के बाहर बने इस मेडिकल स्टोर परिसर की अलग पहचान बनती जा रही है। अस्पताल की बाउंड्री पर लगी सीढ़ियों के कारण कई लोग इसे अब सीढ़ी मार्केट के नाम से बुलाने लगे हैं। लोगों का कहना है कि मरीजों और उनके परिजनों के लिए निजी मेडिकल स्टोरों तक पहुंचने का सबसे आसान रास्ता यही सीढ़ियां बन गई हैं। अब यह देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस व्यवस्था को वैध मानता है या फिर इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करता है।
Source link
झज्जर अस्पताल की दीवार बनी 'दवा का रास्ता:बाउंड्री पर सीढ़ियां लगाकर निजी मेडिकल स्टोरों से खरीद रहे दवाइयां, अनुमति पर सवाल
