![]()
उमरिया जिले के मानपुर विकासखंड में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौगवां के नए भवन का लोकार्पण विवादों में आ गया है। 17 जुलाई को क्षेत्रीय विधायक मीना सिंह ने इस भवन का लोकार्पण किया था, जिस पर अब कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि यह स्कूल भवन पिछले साल ही बनकर तैयार हो चुका था और इसमें पहले से ही बच्चों की क्लास लग रही थीं। इस लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मीना सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुजा पटेल ने की। वहीं ममता सिंह और मुकेश पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद कांग्रेस नेता रोशनी सिंह ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सरकारी भवनों का निर्माण जनता के टैक्स के पैसे से होता है। ऐसे में इनके निर्माण, हैंडओवर (हस्तांतरण) और लोकार्पण की प्रक्रिया पूरी तरह साफ-सुथरी और नियमों के तहत होनी चाहिए। रोशनी सिंह ने मांग की है कि अगर कोई भवन पहले ही बनकर तैयार हो चुका था और लंबे समय से इस्तेमाल में था, तो प्रशासन को यह साफ करना चाहिए कि दोबारा इसका लोकार्पण क्यों कराया गया। उन्होंने इस मामले में कागजात और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है। प्राचार्य ने की पुष्टि, कलेक्टर बोलीं- जांच करवाएंगे इस पूरे विवाद पर स्कूल के प्राचार्य रविन्द्र पटेल का कहना है कि स्कूल का नया भवन पिछले साल ही बनकर तैयार हो गया था और तभी से इसमें नियमित रूप से छात्र-छात्राओं की कक्षाएं लगाई जा रही हैं। मामले को लेकर जब कलेक्टर राखी सहाय से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने बताया कि लोकार्पण और शिलान्यास जैसे कार्यक्रमों की जानकारी पहले से देने के निर्देश दिए जा चुके हैं। कलेक्टर ने आश्वस्त किया है कि वह इस पूरे मामले की जांच करवाएंगी कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों बनी।
Source link
कांग्रेस नेता बोलीं- स्कूल भवन का दोबारा लोकार्पण किया:कहा- पिछले साल बिल्डिंग बन गई थी, क्लासेज भी लग रही थीं
