Headlines

हमीरपुर में 300 करोड़ से डेंटल रिसर्च सेंटर बनेगा:AOMSI के सम्मेलन में सीएम की घोषणा; कहा-राजीव गांधी के नाम पर होगा शिमला का डेंटल कॉलेज




मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला में 2 बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने बताया कि शिमला स्थित डेंटल कॉलेज का नाम बदलकर राजीव गांधी डेंटल कॉलेज, शिमला किया जाएगा। इसके साथ ही, हमीरपुर में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक डेंटल हेल्थ रिसर्च सेंटर स्थापित किया जाएगा। यह घोषणाएं उन्होंने एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया (एओएमएसआई) के हिमाचल प्रदेश स्टेट चैप्टर के चौथे वार्षिक सम्मेलन में कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रिसर्च सेंटर प्रदेश में दंत चिकित्सा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोलेगा। इससे आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी, चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने जोर दिया कि राज्य सरकार का उद्देश्य लोगों को उनके घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जनों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये सर्जन न केवल जटिल बीमारियों और चोटों का इलाज करते हैं, बल्कि मरीजों का आत्मविश्वास लौटाने और उनके जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन दंत चिकित्सा के क्षेत्र में नए अनुभव साझा करने और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए लगातार निवेश कर रही है। जिला अस्पतालों में भी आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाएंगे आज प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी और 3 टेस्ला एमआरआई जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ जिला अस्पतालों में भी आधुनिक उपकरण और विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हों। सरकार चिकित्सकों के साथ स्थापित कर रही संवाद सीएम ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सकों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बना रही है। इसी क्रम में, जल्द ही डेंटल डॉक्टरों के साथ भी एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि डेंटल कॉलेजों और अस्पतालों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला से शिक्षा प्राप्त डॉक्टर आज देश-विदेश में हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं और प्रदेश के लोग उनकी विशेषज्ञता का लाभ उठा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *