Headlines

मऊ में सपा का प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन:सांसद सनातन पांडे ने भाजपा सरकार और ओमप्रकाश राजभर पर बोला हमला




मऊ के अदरी मोड़ स्थित एक निजी हॉल में रविवार को दोपहर 3 बजे समाजवादी पार्टी ने प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बलिया से सपा सांसद सनातन पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री तारकेश्वर मिश्र और समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। मीडिया से बात करते हुए सांसद सनातन पांडे ने बताया कि समाजवादी विचारक स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि 5 अगस्त को लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा बनवाए गए इस पार्क में जनेश्वर मिश्र की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर जनविरोधी, किसान विरोधी और नौजवान विरोधी सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से हटाने का संकल्प लिया जाएगा। सांसद पांडे ने शिक्षण संस्थानों पर हो रही कार्रवाई के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यदि कोई भवन अनियमित है, तो उसे नियमानुसार नियमित किया जाना चाहिए, न कि शिक्षण संस्थानों को गिराने की बात की जाए। उन्होंने जोर दिया कि इन संस्थानों में सभी धर्मों और वर्गों के छात्र पढ़ते हैं। उन्होंने भाजपा पर समाज में हिंदू-मुस्लिम के नाम पर विभाजन की राजनीति कर सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया। ओमप्रकाश राजभर के मुस्लिम-यादव से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि अपराध को किसी जाति या धर्म से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से उत्तर प्रदेश के शीर्ष 10 माफियाओं की सूची सार्वजनिक करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे स्पष्ट हो जाएगा कि अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है। सांसद पांडे ने ओमप्रकाश राजभर को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में अपने समाज के हितैषी हैं, तो पहले राजभर समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने का अपना पुराना वादा पूरा करें। सांसद सनातन पांडे ने भाजपा पर चुनावी चंदे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास लगातार चुनावी फंड बढ़ रहा है और इसी धन का उपयोग बिहार व पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों के चुनावों में किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश की राजनीति पर कुछ बड़े पूंजीपतियों का प्रभाव बढ़ गया है और वर्तमान व्यवस्था उन्हीं के इर्द-गिर्द संचालित हो रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *