![]()
चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (बादल) पर राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की सियासी जमीन पर दोनों पार्टियां पूरी तरह जीरो हो चुकी हैं और प्रदेश की जनता इन्हें नकार चुकी है। ED की छापेमारी केवल डर फैलाने की साजिश गुरुवार को चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता के दौरान वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बात का अहसास हो गया है कि पंजाब के किसान, नौजवान और व्यापारी वर्ग भाजपा की नीतियों के खिलाफ है। इसी बौखलाहट और डर के कारण चुनाव वाले राज्यों में केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। हाल ही में हुई ED की छापेमारी का ज़िक्र करते हुए चीमा ने कहा कि बंद पड़े मकानों के ताले तोड़कर और नियमों की अनदेखी कर की गई छापेमारी के बावजूद ED को कुछ भी हासिल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान केवल बुजुर्गों और बच्चों को डराने की कोशिश की गई, जिससे यह साफ है कि यह सिर्फ भय का माहौल बनाने की साजिश थी।
अकाली दल का इतिहास सबसे कलंकित : चीमा अकाली दल पर प्रहार करते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि बेअदबी, गोलीकांड, नशे के कारोबार से लेकर रेप और महिलाओं के शोषण जैसे गंभीर मामलों तक, अकाली दल का इतिहास सबसे ज्यादा कलंकित रहा है। पवित्र धरती और गुरुद्वारा साहिब की सराय तक में हुए निंदनीय कृत्यों के कारण जनता के सामने इनका असली चेहरा आ चुका है। पंजाब की जनता देगी मुंहतोड़ जवाब चीमा ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ऐसी धमकियों और केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल से डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब के 3 करोड़ लोग एकजुट हैं और सत्ता के अहंकार में अंधी हो चुकी भाजपा तथा अकाली दल को आने वाले समय में करारा मुंहतोड़ जवाब देंगे।
Source link
