![]()
कटनी जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में स्लीमनाबाद पुलिस ने एक तस्कर को 1.42 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है। स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि रविवार रात पुलिस की एक टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। नेशनल हाईवे से ग्राम लिगरी जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। वह देर रात सुनसान रास्ते पर हाथ में सफेद थैला लिए चल रहा था। पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति घबरा गया और छिपने या भागने का प्रयास करने लगा। उसकी संदिग्ध हरकतों को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान राजेश चौधरी (40 वर्ष) के रूप में बताई। वह ग्राम पौनिया, थाना स्लीमनाबाद, जिला कटनी का निवासी है। संदेही के पास मौजूद सफेद थैले की तलाशी लेने पर उसके अंदर एक पीले रंग की थैली मिली। इस थैली में सफेद पन्नी में लिपटा हुआ हरे रंग का पत्तेदार और बीज युक्त मादक पदार्थ बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर यह मादक पदार्थ 1 किलो 420 ग्राम गांजा निकला। स्लीमनाबाद पुलिस ने गांजे को विधिवत जब्त कर आरोपी राजेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Source link
कटनी में 1.42 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार:पुलिस ने हाईवे के पास घेराबंदी कर पकड़ा, NDPS एक्ट में केस दर्ज
