![]()
लुधियाना की ईडब्ल्यूएस (EWS) कॉलोनी में रविवार देर रात एक शादी समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब दो पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले, घरों और दुकानों में तोड़फोड़ हुई तथा कई लोग घायल हो गए। हालात इतने बिगड़ गए कि शादी के लिए तैयार किया गया भोजन भी कोई नहीं खा सका और समारोह बीच में ही प्रभावित हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित पक्ष के मोहम्मद शौकत ने बताया कि उनके साढ़ू के बेटे सद्दाम हुसैन का निकाह आयशा के साथ होना था। शादी समारोह शांतिपूर्वक चल रहा था। इसी दौरान एक पड़ोसी ने हार्ट की बीमारी का हवाला देते हुए डीजे की आवाज कम करने को कहा। उन्होंने तुरंत डीजे बंद करवा दिया ताकि किसी को परेशानी न हो। बच्चों से गाली-गलौज के बाद बिगड़े हालात
शौकत के अनुसार, निकाह का समय होने पर उन्होंने बच्चों को खाना लाने के लिए भेजा। आरोप है कि ग्रीनलैंड स्कूल, सब्जी मंडी के पास रहने वाली पड़ोसी महिला दुरगी के भतीजे और एक अन्य युवक ने बच्चों को रोक लिया तथा जातिसूचक शब्द कहकर गालियां दीं। जब वे युवक शादी पंडाल के पास पहुंचे तो उन्होंने छतों से ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस हमले में उनके परिवार के दो से तीन लोग घायल हो गए। घर और दुकान में की गई तोड़फोड़
मोहम्मद शौकत ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके घर और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। शादी के लिए तैयार किया गया पूरा खाना खराब हो गया और गरीब परिवार की बेटी की शादी बीच में ही रुक गई। उनका कहना है कि अब दोनों परिवारों की सहमति से निकाह की नई तारीख तय करनी पड़ेगी। पुलिस पर भी लगाए लापरवाही के आरोप
शौकत ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बाद वे थाना डिवीजन नंबर-7 पहुंचे और घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। उनका कहना है कि थाना के मुंशी ने उनकी बहू के साथ धक्का-मुक्की की। उन्होंने पुलिस से बिना हूटर बजाए आने की अपील की थी ताकि हमलावर मौके से न भागें, लेकिन पुलिस करीब एक घंटे बाद पहुंची। आरोप है कि पुलिस उनके पास आने के बजाय दूसरे पक्ष के घर के बाहर तैनात हो गई। दूसरे पक्ष का दावा, बेटी पर की गई अभद्र टिप्पणी
वहीं, दूसरे पक्ष की महिला दुरगी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी 12 वर्षीय बेटी और बेटा शादी वाले घर के पास से गुजर रहे थे। आरोप है कि डीजे पर नाच रहे कुछ युवकों ने उनकी बेटी पर अभद्र कमेंट किया। जब उनके बेटे ने इसका विरोध किया तो उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। पुलिस कर रही मामले की जांच
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मारपीट और पथराव होता रहा। घटना में कई लोगों के घायल होने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
लुधियाना में शादी समारोह में हंगामा:पड़ोसियों में खूनी टकराव, ईंट-पत्थर चले, कई घायल; बच्ची को किया कमेंट
