![]()
हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती 2026 की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं को बड़ी राहत देते हुए अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की छूट देने का बड़ा फैसला लिया है। सरकार के इस निर्णय के तहत अब पुलिस भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 26 वर्ष कर दी गई है। सरकार के इस फैसले का प्रदेश भर के युवाओं और अभ्यर्थियों ने जोरदार स्वागत किया है। इस फैसले के बाद मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों और छात्र प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का धन्यवाद किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में परविंदर शर्मा (मंडी), देव सेना, रोहित नेगी, रवि कुमार (बिलासपुर), अर्जुन (हमीरपुर), सौरभ (करसोग) और आरडब्ल्यूए से अंकित सर्रू विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि ओवरएज हो चुके युवा पिछले कई महीनों से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आयु सीमा में छूट देने की मांग उठा रहे थे। सोशल मीडिया से जुड़े थे 12 हजार युवा छात्र प्रतिनिधियों ने बताया कि इस अभियान को प्रदेशव्यापी बनाने में सोशल मीडिया की अहम भूमिका रही। इसके जरिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 12 हजार युवा एकजुट हुए और अपनी आवाज को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा। युवाओं ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह संवेदनशील और सराहनीय कदम उठाया है। “आंदोलन की बड़ी उपलब्धि, अन्य मांगों पर भी उम्मीद” अभ्यर्थियों ने कहा कि आयु सीमा में 1 साल की छूट मिलना उनके अनुशासित आंदोलन की एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती से जुड़ी कुछ अन्य न्यायसंगत मांगें भी अभी लंबित हैं, जिन पर भी सरकार जल्द सकारात्मक फैसला लेगी। साथ ही, उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपनी मांगों को हमेशा शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में रहकर उठाने की अपील की।
Source link
हिमाचल पुलिस भर्ती में आयु सीमा में 1 वर्ष छूट:अधिकतम उम्र 25 से बढ़ा 26 साल की, सोशल मीडिया पर अभियान से जुड़े थे 12000 युवा
