Headlines

जमुई के 'पेड़ा वाले गांव' पहुंचे DM-SP:खुद देखा पेड़ा बनाने का तरीका, स्वाद भी चखा, GI टैग दिलाने का भरोसा




जमुई जिले के खैरा प्रखंड स्थित घनबेरिया गांव में मंगलवार को एक विशेष नजारा देखने को मिला। जिला अधिकारी (डीएम) नवीन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल ने गांव का दौरा किया और यहां के प्रसिद्ध पेड़ा कारोबार का जायजा लिया। अधिकारियों के पहुंचने से गांव में उत्साह का माहौल बन गया। डीएम और एसपी बिशनपुर गांव में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण कर लौट रहे थे। इसी दौरान घनबेरिया स्थित प्रसिद्ध पेड़ा बाजार से गुजरते हुए उन्होंने अपना काफिला रुकवाया। दोनों अधिकारी स्थानीय पेड़ा दुकानों पर पहुंचे और पेड़ा बनाने की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा। एसपी विश्वजीत दयाल ने कड़ाही में दूध उबालकर पेड़ा बनाने का अनुभव लिया, जबकि डीएम नवीन ने कारोबारियों से इसकी पारंपरिक विधि और गुणवत्ता बनाए रखने के बारे में जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने पेड़े का स्वाद भी चखा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया
इस अवसर पर डीएम नवीन ने कहा कि घनबेरिया का पेड़ा अपनी शुद्धता और स्वाद के कारण विशेष पहचान रखता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस उत्पाद को जीआई टैग दिलाकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, कारोबारियों की समस्याओं का समाधान कर इस उद्योग को और आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा। घनबेरिया गांव आज पेड़ा उत्पादन का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है। कभी यहां केवल एक दुकान हुआ करती थी, लेकिन अब एक दर्जन से अधिक दुकानें संचालित हैं, जहां प्रतिदिन कई क्विंटल पेड़े की बिक्री होती है। स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, इस व्यवसाय से हर वर्ष लगभग तीन करोड़ रुपये का कारोबार होता है। त्योहारों के दौरान यहां पेड़ा खरीदने के लिए लोगों को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है। प्रतिदिन हजारों लीटर दूध की खपत होती
गांव में पेड़े के साथ-साथ खोवा का भी बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है, जिससे प्रतिदिन हजारों लीटर दूध की खपत होती है। आसपास के पशुपालकों से दूध की खरीद होने के कारण उन्हें भी अच्छा लाभ मिलता है। यहां तैयार होने वाला पेड़ा देश के विभिन्न राज्यों के अलावा अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) तक भेजा जाता है। इसी वजह से घनबेरिया आज “पेड़ा वाला गांव” के नाम से अपनी अलग पहचान बना चुका है। इस मौके पर बीडीओ शेखर सुमन और जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *