Headlines

गुमला में सर्पदंश, 10वीं के छात्र की मौत:झाड़-फूंक में बर्बाद किया समय; 24 घंटे में चार अन्य अस्पताल में भर्ती, जमीन पर न सोने की सलाह




गुमला जिले में बरसात के आगमन के साथ ही सर्पदंश के मामले बढ़ गए हैं। ताजा घटना में, सुरसंग थाना क्षेत्र के गड़गड़लोगरा निवासी 16 वर्षीय बलराम सिंह की सर्पदंश से मृत्यु हो गई। वह राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्लस टू सुरसंग में दसवीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात बलराम ने परिवार के साथ खाना खाया और अपने भाई ललित सिंह के साथ पलंग पर सो गया। देर रात एक विषैले सांप ने उसे डंस लिया। बुधवार सुबह करीब 4 बजे जब बलराम की तबीयत बिगड़ने लगी, तब परिवार को सर्पदंश का आभास हुआ। पहले गांव में झाड़-फूंक का सहारा लिया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। बलराम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया बिगड़ती हालत देख परिजन उसे सदर अस्पताल गुमला ले जा रहे थे, लेकिन बलराम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर लौट गए। हालांकि, स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने परिजनों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेजा। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जिले में सर्पदंश के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में चार अन्य लोगों को सर्पदंश के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक अनुपम किशोर ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में जहरीले सांप बिलों से बाहर निकलकर विचरण करते हैं। उन्होंने लोगों को झाड़ियों और जंगलों में तथा जमीन पर न सोने की सलाह दी है। साथ ही कहा है कि सांप के काटने पर तत्काल अस्पताल पहुंचें और झाड़-फूंक या अंधविश्वास में पड़कर इलाज में देरी न करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *