![]()
धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में हुई डकैती की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साइबर सेल और कुरूद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक विवेचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। उनके कब्जे से लूटी गई एक्टिवा, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। रात में सो रहे युवक को बनाया था निशाना पुलिस के अनुसार, ग्राम छाती निवासी विमल देशलहरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात करीब 2 बजे मगरलोड जाते समय वह ग्राम मंदरौद मोड़ स्थित राजू फर्नीचर मार्ट के पास विश्राम कर रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और 9 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन तथा एक्टिवा लूटकर फरार हो गए। साइबर जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस मामले की जांच के दौरान साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से डकैती करना स्वीकार किया। पुलिस ने लूटी गई एक्टिवा, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद कर ली। ओडिशा से बरामद हुई लूटी गई एक्टिवा पुलिस ने बताया कि लूटी गई एक्टिवा को ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के डरलीमुड़ा गांव में छिपाकर रखा गया था। साइबर टीम ने वहां पहुंचकर वाहन बरामद किया। अकेले व्यक्ति को देखकर बनाई थी लूट की योजना सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी रात में स्विफ्ट कार से घूम रहे थे। उनकी नजर अकेले सो रहे व्यक्ति पर पड़ी और उन्होंने उसे आसान शिकार समझकर पहले मारपीट की, फिर मोबाइल, नकदी और एक्टिवा लूट ली। सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अनुज ध्रुव, भूपेश उर्फ कंज्जे ध्रुवंशी, संजय विश्वकर्मा, राजेन्द्र उर्फ राहुल निषाद, योगेन्द्र उर्फ योगी यादव, तीरथ यादव, अमन लंगोटे उर्फ बिल्डर और पुरन उर्फ राजा रात्रे शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Source link
धमतरी लूटकांड का खुलासा,अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार:CCTV और साइबर जांच से आरोपी पकड़ाए, लूटी गई स्कूटी ओडिशा से बरामद
