![]()
फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर 3 बजे एक महिला का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। प्रारंभिक जांच में लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान 45 वर्षीय सरोज के रूप में हुई है। वह स्टेशन रोड, मक्खनपुर की निवासी थीं। मकान में पहले किराए पर रह चुकी रेनू ने सरोज को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोस में रहने वाली पूजा गुप्ता ने भी उनसे संपर्क करने की कोशिश की। संदेह होने पर पूजा ने बेटे सिद्धार्थ को सूचना दी, जो खैरगढ़ अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। सिद्धार्थ के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा गया, जहां अंदर सरोज का शव पड़ा मिला। परिजनों ने घर से सामान गायब होने का आरोप लगाया है, जिससे लूट के बाद हत्या की आशंका और प्रबल हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष चमन कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हत्या के वास्तविक कारणों और लूट की पुष्टि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने बताया कि विगत छह महीने से महिला घर में अकेली रहती थी। पड़ोसियों ने जानकारी दी कि शुक्रवार सुबह से वह बाहर नहीं निकली थी। इस घटना से पूरे मक्खनपुर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
Source link
फिरोजाबाद में महिला का शव घर में मिला:ताला तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, लूट के बाद हत्या की आशंका
