Headlines

सिरसा में ₹2 लाख लेते पति-पत्नी समेत 3 गिरफ्तार:फोटो वायरल समझौते के नाम मांगे थे ₹5 लाख; पुलिस ने पार्क में रंगे हाथ दबोचे




सिरसा में एक युवती द्वारा फोटो वायरल करने के मामले में दर्ज केस में समझौता कराने के नाम पर कथित रूप से 5 लाख रुपए की मांग करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जाल बिछाकर युवती, उसके पति और एक अन्य आरोपी को दो लाख रुपए की नकदी लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से पूरी राशि बरामद कर ली है। मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। फोटो वायरल मामले में समझौते के लिए मांगे 5 लाख पुलिस के अनुसार, यह मामला इसी वर्ष फरवरी में दर्ज हुए एक केस से जुड़ा है। युवती ने उस समय एक युवक पर फोटो वायरल करने, धमकी देने और एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य आरोप लगाते हुए महिला थाना में शिकायत दी थी। पुलिस ने जांच के बाद कोर्ट में चालान पेश कर दिया था और मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि बाद में युवती ने उसी केस में समझौता कराने के नाम पर आरोपी पक्ष से पांच लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। इस बीच युवती का विवाह हो चुका था और उसका पति भी कथित रूप से इस पूरे मामले में शामिल हो गया। बाहिया निवासी युवक ने पुलिस से की शिकायत गांव बाहिया निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसके भाई संजय कुमार के खिलाफ दर्ज केस को खत्म कराने का झांसा देकर गांव मिट्ठी सुरेरा निवासी प्रियंका और उसका पति गजानंद लगातार पांच लाख रुपए मांग रहे थे। बाद में दोनों पक्षों के बीच दो लाख रुपए नकद और तीन लाख रुपए ऑनलाइन देने पर कथित सहमति बनी। ट्रैप लगाकर तीनों आरोपियों को दबोचा शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ट्रैप की योजना बनाई। तय कार्यक्रम के अनुसार शिकायतकर्ता को शुक्रवार को महिला थाना के पास स्थित एक पार्क में बुलाया गया। पुलिस ने पहले ही शिकायतकर्ता को दिए गए 500-500 रुपए के नोटों की चार गड्डियों के नंबर दर्ज कर लिए थे। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपियों को दो लाख रुपए दिए और तय संकेत दिया, सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर प्रियंका, उसके पति गजानंद और उनके साथी अवतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दो लाख रुपए बरामद, जांच जारी पुलिस ने तलाशी के दौरान प्रियंका के कब्जे से 50 हजार रुपए और अवतार सिंह के पास से डेढ़ लाख रुपए बरामद किए। इस प्रकार शिकायतकर्ता से ली गई पूरी दो लाख रुपए की राशि मौके से बरामद कर ली गई। सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि मामले में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने पहले भी किसी अन्य व्यक्ति को इसी प्रकार ब्लैकमेल कर रकम वसूलने का प्रयास या वसूली तो नहीं की। मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *