![]()
गिरिडीह के सरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने जेट पंप चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी का जेट पंप, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। यह मामला 12 जुलाई 2026 का है, जब सरिया बाजार स्थित सहारा इंडिया कार्यालय के सामने सेना गली में महेश प्रसाद वर्णवाल के निर्माणाधीन मकान से एक जेट पंप चोरी हो गया था। इस संबंध में सरिया थाना में कांड संख्या 121/2026 दर्ज किया गया था। गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर बगोदर-सरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए अजय कुमार मंडल (23), हरीश कुमार उर्फ कृष्णा गुहा (18) और प्रिंस कुमार यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी हुआ क्रॉम्पटन कंपनी का जेट पंप, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल और एक वीवो Y16 मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार मंडल के खिलाफ सरिया थाना में पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी पिक्कू कुमार ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी सुदामा राम सहित एसआईटी और सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने यह भी कहा कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source link
सरिया में जेट पंप चोरी गिरोह का भंडाफोड़:एसआईटी ने तीन आरोपियों को पकड़ा, जेट पंप और बाइक बरामद
