Headlines

नेशनल हाईवे पर बदमाशों की दस्तक:मथुरा में 6 दिन में दो लूट की वारदात, एक किलोमीटर के दायरे में पहले लूटी नगदी,अब सोना लेकर हुए फरार




आगरा दिल्ली नेशनल हाईवे पर बदमाशों ने दस्तक दे दी है। यहां एक हो थाना क्षेत्र में दो बड़ी लूट की वारदातों को अंजाम देकर बदमाशों ने दहशत फैला दी है। बदमाशों ने 6 दिन के अंदर एक किलोमीटर के दायरे में दो बड़ी लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। पहले बदमाश टप्पेबाजी कर नगदी लूट गए और अब सोने के आभूषणों से भरा बैग पार कर लिया। एसएसपी ने दोनों वारदातों को चैलेंज के रूप में स्वीकार करते हुए खुलासे के लिए टीम बना दी हैं और जल्द बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं। 20 जुलाई को पार की नगदी 20 जुलाई की देर शाम राधा वैली के पास 25 लाख रुपए का बैग लेकर प्लाईवुड व्यापारी निलेश अग्रवाल का ड्राइवर रमेश और कर्मचारी सुनील व राधेश्याम जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार 2 युवक आए और कहा कार के इंजन से ऑयल फैल रहा है। इस पर ड्राइवर ने जब गाड़ी रोकी और नीचे उतरकर बोनट खोलकर देखा तो बदमाशों ने गाड़ी में बैठे कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और बैग लेकर फरार हो गए। कर्मचारियों ने मचाया शोर नोटों से भरा बैग गायब होने का एहसास होते ही व्यापारी के कर्मचारियों ने शोर मचाया। वारदात की सूचना नीलेश अग्रवाल और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना हाईवे प्रभारी प्रशांत कपिल के अलावा आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कर्मचारियों से वारदात की जानकारी ली। इसके बाद व्यापारी से तहरीर लेकर मुकद्दमा दर्ज कर लिया। टप्पेबाजी की इस वारदात के खुलासे के लिए एसएसपी ने 5 टीम लगा दी। 200 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले वारदात के बाद एसएसपी श्लोक कुमार ने खुलासे के लिए 5 टीम लगाईं। सर्विलांस, थाना हाई वे,फरह,रिफाइनरी के अलावा SOG की टीम को लगाया गया। पुलिस की टीमों ने 200 से ज्यादा CCTV कैमरे अब तक खंगाल लिए हैं। लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस इस तरह की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश के लिए मथुरा के अलावा आसपास के जिलों में भी दविश दे रही है। इसके अलावा उस बाइक का भी पता लगाने में जुटी है जिसको वारदात में प्रयोग किया गया। 550 ग्राम सोने के आभूषण से भरा बैग किया पार पुलिस 25 लाख की लूट की वारदात का खुलासा भी नहीं कर पाई कि बदमाशों ने 5 दिन बाद ही थाना हाईवे क्षेत्र में ही एक और वारदात को अंजाम दे डाला। शुक्रवार शाम हुई इस वारदात में बदमाशों ने कोरियर कंपनी के उस कर्मचारी को अपना शिकार बनाया जो सोना लेकर दिल्ली जाता है। बदमाश कर्मचारी से 550 ग्राम सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए। लगभग 85 लाख रुपए कीमत के आभूषणों से भरा बैग पार होने की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बस से दिल्ली भेजे जा रहे थे आभूषण थाना हाईवे क्षेत्र स्थित गोवर्धन चौराहे के निकट शुक्रवार शाम को करीब 85 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों के गायब होने से सनसनी फैल गई। बदमाश उस समय आभूषणों से भरा पार्सल लेकर फरार हो गए, जब उसे दिल्ली भेजने के लिए बस में रखा जा रहा था। घटना के बाद व्यापारी और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शहर के सर्राफा व्यापारियों ने 550 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण दिल्ली भेजने के लिए कूरियर व्यवस्था के तहत गोवर्धन चौराहे से रवाना होने वाली बस में पार्सल भिजवाया था। पार्सल बस में रखा जा रहा था, तभी पहले से मौके की तलाश में बैठे बदमाशों ने मौका पाकर उसे पार कर दिया। जब कर्मचारी को पार्सल गायब होने का पता चला तो उसने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो चुके थे। CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी पहले से रेकी कर रहे थे और उन्हें पार्सल भेजे जाने की जानकारी थी। इसी कारण उन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना का जल्द खुलासा कर लूट में शामिल सभी बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और व्यापारी सहित संबंधित लोगों से भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *