![]()
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की धौलपुर जिला इकाई ने शनिवार को राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने छात्र आंदोलन, परीक्षा एवं भर्ती व्यवस्था में सुधार और पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। पार्टी ने अपने ज्ञापन में कहा है कि देश के छात्र और युवा शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता, प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और रोजगार के अवसरों को लेकर चिंतित हैं। पार्टी ने छात्रों की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से सुनने और हालिया घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त छात्र आंदोलन में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने, संसद में पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर चर्चा करने और शिक्षा माफिया एवं पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ सख्त और समयबद्ध कार्रवाई करने की भी मांग की गई। पार्टी ने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, पुलिस के साथ सादी वर्दी में मौजूद व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक करने, कथित रूप से समाप्त हो चुके आंसू गैस के गोलों के इस्तेमाल की जांच, प्रदर्शन स्थल पर क्षतिग्रस्त वाहनों और कथित पत्थरबाजी की स्वतंत्र जांच की मांग की। भविष्य में सभी पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों की वर्दी पर स्पष्ट नाम-पट्ट अनिवार्य करने की भी मांग उठाई गई। शिक्षा एवं भर्ती सुधार से जुड़ी मांगों में NEET-UG, JEE Main सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने की बात कही गई। सरकारी भर्ती परीक्षाओं का शुल्क समाप्त करने, महिलाओं के लिए गृह जिले या निकटवर्ती जिले में परीक्षा केंद्र देने, पेपर लीक मामलों में कठोर दंड का प्रावधान करने, रिक्त पदों पर समयबद्ध भर्ती करने, वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने, भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता लाने तथा परीक्षा परिणामों के साथ प्रत्येक अभ्यर्थी के अंक सार्वजनिक करने जैसी मांगें भी ज्ञापन में शामिल हैं।
Source link
आजाद समाज पार्टी ने की लाठीचार्ज की जांच की मांग:राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्र-युवाओं के हित में उठाईं कई प्रमुख मांगें
