Headlines

लैंड-पूलिंग नीति और लाठीचार्ज के विरोध में किसानों-मजदूरों का प्रदर्शन:अमृतसर में भगवंत-मान सरकार का पुतला फूंककर दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी




अमृतसर का कथूनंगल टोल प्लाजा पर आज किसान मजदूर संघर्ष समिति के चार जोनों की ओर से पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार का पुतला फूंककर अपना रोष जताया। इस धरने में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और महिलाओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हाल ही में खन्ना में अपने अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे मनरेगा कर्मचारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। वहीं, बरनाला में सफाई सेवकों के धरने के दौरान भी पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन घटनाओं में कई कर्मचारी और महिलाएं घायल हुईं तथा महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की। किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से लाई गई लैंड पूलिंग नीति किसानों के हितों के खिलाफ है। उनका कहना है कि इस नीति से किसानों की कृषि भूमि और उनके अधिकारों पर असर पड़ सकता है। इसलिए सरकार को इस नीति को तुरंत वापस लेना चाहिए। धरने को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार विरोध की आवाज को पुलिस कार्रवाई के जरिए दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बातचीत के बजाय बल प्रयोग का रास्ता अपना रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मनरेगा कर्मचारियों, सफाई सेवकों और किसानों की मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और लैंड पूलिंग नीति वापस नहीं ली गई, तो पूरे पंजाब में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेताओं ने कहा कि सरकार को टकराव की बजाय बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए और लोगों की आवाज सुननी चाहिए। उनका कहना था कि यदि सरकार ने उनकी मांगों की अनदेखी जारी रखी तो आने वाले दिनों में राज्यभर में बड़े स्तर पर आंदोलन किए जाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *