![]()
पलवल में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां साइबर ठगों ने 68 वर्षीय एक बुजुर्ग को भारी मुनाफे का लालच देकर 16 लाख रुपए की चपत लगाई है। न्यू कॉलोनी निवासी किशन सिंह की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि किशन सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें एक व्हाट्सएप बिजनेस ग्रुप में जोड़ा था। वहां खुद को सेबी से मान्यता प्राप्त कंपनी का ट्रेडिंग विशेषज्ञ बताने वाले ठगों ने शुरुआत में 10 से 20 प्रतिशत और बाद में 300 प्रतिशत तक के रिटर्न का लालच देकर उनका विश्वास जीत लिया। अलग-अलग खातों में जमा करवाए इसके बाद आरोपियों ने उनके मोबाइल में एक फर्जी एप्लीकेशन डाउनलोड करवाया और उन्हें अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाने को कहा। जमा की गई राशि ऐप के वॉलेट में दिखती थी। ऐप से रुपए निकालने लगा तो ट्रांजेक्शन फेल हुआ ठगी का अहसास तब हुआ जब ऐप में पीड़ित का बैलेंस 59 लाख रुपए दिखने लगा। पीड़ित ने जब इसमें से 50 लाख रुपए निकालने का प्रयास किया, तो ट्रांजेक्शन फेल हो गया। इस पर ठगों ने निकासी के बदले 20 प्रतिशत सर्विस फीस के रूप में लगभग आठ से दस लाख रुपए अलग से जमा करने की मांग की। अपने खातों से 16 लाख ट्रांसफर किए पीड़ित द्वारा ऐप के बैलेंस से ही फीस काटने के प्रस्ताव को ठगों ने ठुकरा दिया और बातचीत बंद कर दी। पीड़ित ने 8 जुलाई से 17 जुलाई के बीच अपने बैंक खाते से चार अलग-अलग किस्तों में कुल 16 लाख रुपए ट्रांसफर किए थे। इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दी।
Source link
पलवल में बुजुर्ग से 16 लाख की साइबर ठगी:ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया; धोखाधड़ी कर रकम ट्रांसफर करवाई
