![]()
बॉलीवुड की चर्चित मोहन सिस्टर्स रविवार दोपहर जयपुर पहुंचीं। मशहूर गायिका नीति मोहन, अभिनेत्री और डांसर शक्ति मोहन और कोरियोग्राफर एवं परफॉर्मर मुक्ति मोहन दिल्ली रोड स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी के वार्षिक सांस्कृतिक समारोह में प्रस्तुति देने के लिए गुलाबी नगरी आई हैं। एयरपोर्ट पर तीनों बहनें बेहद कूल और कैजुअल अंदाज में नजर आईं। यहां से वे सीधे होटल रवाना हुईं, जहां कुछ देर विश्राम के बाद रिहर्सल के लिए यूनिवर्सिटी पहुंचेंगी। शाम को वे हजारों विद्यार्थियों के सामने अपनी लाइव प्रस्तुति देंगी। एयरपोर्ट पर तीनों बहनों ने कहा कि जयपुर में परफॉर्म करना हमेशा खास अनुभव रहता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के दर्शकों का उत्साह और प्यार हर बार उन्हें यहां आने के लिए प्रेरित करता है। इस बार भी वे एक साथ मंच साझा करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं और विद्यार्थियों के लिए यादगार प्रस्तुति देने की तैयारी कर चुकी हैं। यूनिवर्सिटी के वार्षिक समारोह को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह है। आयोजकों के अनुसार तीनों बहनों की लाइव प्रस्तुति इस वर्ष के सांस्कृतिक उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण होगी। स्टूडेंट्स लंबे समय से उनके कार्यक्रम का इंतजार कर रहे थे और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। तीनों बहनों ने बनाई अलग-अलग पहचान मोहन सिस्टर्स आज भारतीय मनोरंजन जगत का जाना-माना नाम हैं। चारों बहनों ने अपने-अपने क्षेत्र में अलग मुकाम हासिल किया है। इस बार जयपुर पहुंचीं नीति, शक्ति और मुक्ति मोहन लगातार बॉलीवुड और मनोरंजन उद्योग में सक्रिय हैं। नीति मोहन: बॉलीवुड की लोकप्रिय आवाज नीति मोहन देश की सबसे सफल प्लेबैक सिंगर्स में शुमार हैं। उन्होंने बॉलीवुड को कई सुपरहिट गाने दिए हैं। ‘इश्क वाला लव’, ‘जिया रे’, ‘सौ आसमान’, ‘नैनों वाले ने’, ‘मेरे यादों में’, ‘कश्मीर मैं तू कन्याकुमारी’ जैसे गीतों ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बनाया। नीति कई बड़े लाइव कॉन्सर्ट और म्यूजिक फेस्टिवल्स का भी हिस्सा रहती हैं और अपनी दमदार स्टेज परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं। शक्ति मोहन: डांस की दुनिया का बड़ा नाम शक्ति मोहन ने डांस रियलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस’ जीतकर अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने बतौर डांसर, कोरियोग्राफर और अभिनेत्री अपनी अलग पहचान बनाई। वे कई बड़े डांस रियलिटी शोज में जज और मेंटर रह चुकी हैं। उनकी डांस कंपनी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाखों प्रशंसक हैं। बॉलीवुड के कई लोकप्रिय गानों की कोरियोग्राफी और स्टेज परफॉर्मेंस में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुक्ति मोहन: अभिनय और डांस दोनों में सक्रिय मुक्ति मोहन ने भी डांस रियलिटी शोज से पहचान बनाई और इसके बाद अभिनय तथा मंचीय प्रस्तुतियों में अपनी अलग जगह बनाई। वे कई टीवी शोज, म्यूजिक वीडियो और फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। अपनी अभिव्यक्ति और समकालीन नृत्य शैली के कारण वे युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
Source link
जयपुर पहुंचीं मोहन सिस्टर्स:यूनिवर्सिटी के एनुअल फेस्ट में देंगी लाइव परफॉर्मेंस; बोलीं- पिंक सिटी में परफॉर्म करना हमेशा खास
