![]()
हांसी जिले के गांव चैनत में 61 दिन तक चले जल आंदोलन की सफलता का जश्न मनाने के लिए रविवार को एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक आंदोलन के ‘जल योद्धाओं’ और इसमें सहयोग देने वाले सभी लोगों को सम्मानित किया गया। समारोह में रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। यह सम्मान समारोह गांव के पंचायती मैरिज पैलेस में हुआ। इसमें धरना कमेटी, ग्रामीणों, खाप पंचायतों, किसान संगठनों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित थे। वक्ताओं ने आंदोलन में सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि यह जीत पूरे गांव की एकजुटता, संघर्ष और धैर्य का परिणाम है। समारोह के दौरान आंदोलन के 61 दिनों के संघर्ष को याद करते हुए कई वक्ता भावुक भी नजर आए। कांग्रेस के कई नेता हुे शामिल समारोह में दीपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश (जेपी), नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़, उकलाना विधायक नरेश सेलवाल, बहुजन समाज पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर, भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कोथ और भाजपा व्यापार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राजेश ठकराल जैसे प्रमुख व्यक्ति शामिल थे। इस दौरान धरने में बड़ी से लेकर छोटी भूमिका निभाने वाले ग्रामीणों और आसपास के गांवों के लोगों को भी सम्मानित किया गया। मनोहर लाल खट्टर ने ग्रामीणों की टी-कनेक्शन की मांग स्वीकार की गौरतलब है कि गांव चैनत के ग्रामीणों ने 16 मई से यह आंदोलन शुरू किया था। उनकी मुख्य मांग हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही भाखड़ा पाइपलाइन से गांव को टी-कनेक्शन देना था। आंदोलन के दौरान प्रशासन और सरकार के साथ कई दौर की वार्ताएं हुईं, लेकिन वे बेनतीजा रहीं। मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत भी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई थी। लगातार 61 दिन तक चले इस संघर्ष के बाद पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ग्रामीणों की टी-कनेक्शन की मांग स्वीकार कर ली। इस घोषणा के बाद गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। इसी ऐतिहासिक जीत की खुशी में रविवार को यह सम्मान समारोह आयोजित कर आंदोलन से जुड़े सभी लोगों का अभिनंदन किया गया।
Source link
हांसी में 61 दिन के जल आंदोलन की सफलता:'जल योद्धाओं' का सम्मान, दीपेंद्र हुड्डा और जस्सी पेटवाड़ समेत कई नेता मौजूद
