![]()
औरैया में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के रतनीपुर भीखेपुर गांव में एक दो वर्षीय बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर की है, जब बच्ची घर के कमरे में खिड़की के पास खुले कूलर के तार की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल ले जाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानिए पूरी घटना विस्तार से… जानकारी के अनुसार, रतनीपुर भीखेपुर निवासी रोहताश गौतम गाजियाबाद में मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी अर्चना गौतम अपनी दो वर्षीय बेटी नियति और एक माह की दूसरी बेटी के साथ मायके में रह रही थीं। दोपहर में घर का काम निपटाने के बाद अर्चना अपनी दोनों बेटियों के साथ कमरे में आराम कर रही थीं। कमरे की खिड़की के सहारे कूलर का बिजली का तार निकला हुआ था, जिसमें कट लगा होने के कारण करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान कमरे में खेल रही दो वर्षीय नियति का हाथ अचानक खिड़की से छू गया और वह करंट की चपेट में आ गई। मासूम की चीख सुनकर मां नींद खुली मासूम की चीख सुनकर मां अर्चना की नींद खुली। उन्होंने तुरंत बच्ची को तार से अलग किया और परिजनों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने नियति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चिचौली रेफर कर दिया। चिचौली में उपचार के दौरान नियति की मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत ने बताया- करंट लगने से बच्ची की मौत की सूचना मिली है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
औरैया में दो वर्षीय बच्ची की करंट लगने से मौत:खेलते समय कूलर की तार छू जाने से हादसा, इलाज के दौरान गई जान
