![]()
लगातार मिली शिकायतों के बाद आनंद गैस एजेंसी सस्पेंड
इंडियन ऑयल ने गैस आपूर्ति में अनियमितता और उपभोक्ताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अशोक नगर स्थित आनंद गैस एजेंसी को निलंबित कर दिया है। एजेंसी के करीब 22 हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन पांच अन्य एजेंसियों में स्थानांतरित कर दिए गए हैं। तेल कंपनी ने आनंद गैस एजेंसी के 22 हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन झलक, प्रताप, आरव, देवी गैस और बरियातू इंडेन गैस एजेंसियों में स्थानांतरित किए हैं। लेकिन किस उपभोक्ता को कहां भेजा गया है, इसकी जानकारी सभी उपभोक्ताओं को अभी तक नहीं दी गई है। इस वजह से उनको पता ही नहीं कि उनका कनेक्शन किस एजेंसी में भेजा गया है। हालांकि कुछ उपभोक्ताओं को एसएमएस से एजेंसी बदलने की जानकारी मिली है। लेकिन नई एजेंसियों में भी समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। अमेरिका-ईरान तनाव के दौरान गैस संकट के समय बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने समय पर सिलेंडर नहीं मिलने और वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी की शिकायत की थी। जांच के बाद इंडियन ऑयल ने एजेंसी को सस्पेंड कर दिया। लेकिन कार्रवाई का असर अब सीधे उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं को अब तक यह सूचना भी नहीं दी गई है कि उनका कनेक्शन किस एजेंसी में भेजा गया है। प्रभावित गैस उपभोक्ताओं ने कहा…
1. एजेंसी बदलने का मैसेज नहीं मिला
आनंद गैस एजेंसी के उपभोक्ता हरमू रोड निवासी रवींद्र कुमार ने बताया कि एजेंसी सस्पेंड होने के बाद अब तक उन्हें यह जानकारी नहीं मिली है कि उनका गैस कनेक्शन किस एजेंसी में ट्रांसफर किया गया है। उन्होंने कहा, “मुझे कोई मैसेज नहीं मिला है। पिछले एक महीने से गैस सिलेंडर भी नहीं मिला, जिससे परिवार को काफी परेशानी हो रही है। पहले गैस नहीं मिल रही थी, अब नई एजेंसी की जानकारी भी नहीं है। 2. कनेक्शन कहां ट्रांसफर हुआ पता नहीं
हरमू निवासी डॉ. मिथलेश कुमार ने बताया कि आनंद गैस एजेंसी सस्पेंड होने के बाद अब तक यह सूचना नहीं मिली है कि उनका गैस कनेक्शन किस नई एजेंसी में ट्रांसफर किया गया है। बुकिंग कराने के बाद भी 25 दिनों तक गैस सिलेंडर नहीं मिला। अब यह पता करना पड़ेगा कि कनेक्शन किस एजेंसी में गया है, उसके बाद ही आगे की प्रक्रिया होगी। इससे बेवजह परेशानी झेलनी पड़ रही है। 3. मुझे देवी गैस एजेंसी में कनेक्शन ट्रांसफर होने का एसएमएस मिला है
आनंद गैस एजेंसी के उपभोक्ता राजीव कुमार ने बताया कि उन्हें सोमवार को एसएमएस के जरिए सूचना मिली कि उनका गैस कनेक्शन देवी गैस एजेंसी में ट्रांसफर कर दिया गया है। अब नई एजेंसी में व्यवस्था कैसी होगी, यह तो भगवान ही जाने। उम्मीद है कि कम-से-कम समय पर गैस सिलेंडर मिलना शुरू हो जाए, ताकि राहत मिल सके। ज्यादातर कनेक्शन नजदीकी एजेंसियों में ट्रांसफर
इधर, जिन गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं के कनेक्शन ट्रांसफर किए गए हैं, उनके संचालकों ने कहा कि नए जुड़े सभी उपभोक्ताओं को बेहतर तरीके से गैस उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। संचालकों का कहना है कि ज्यादातर कनेक्शन आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं का कनेक्शन ही स्थानांतरित किए गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी कम होगी। कुछ और गैस एजेंसियों पर भी गिर सकती है गाज…
इंडियन ऑयल का आंतरिक ऑडिट भी चल रहा है, जिसमें कुछ अन्य गैस एजेंसियों में भी अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच पूरी होने के बाद उन पर भी कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में आगे अन्य हजारों उपभोक्ताओं पर भी असर पड़ेगा और आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ेगा। इंडियन ऑयल के एक अधिकारी ने बताया कि आनंद गैस एजेंसी के अधिकतर उपभोक्ताओं को एसएमएस के जरिए यह सूचना भेज दी गई है कि उनका गैस कनेक्शन किस नई एजेंसी में स्थानांतरित किया गया है। उपभोक्ताओं के कनेक्शन नजदीकी गैस एजेंसियों में ट्रांसफर किए गए हैं। अभी भी 35 हजार बैकलॉग, 10 दिन की वेटिंग
शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों में अभी भी करीब 35-40 हजार गैस सिलेंडरों का बैकलॉग है। इनमें 5000 से अधिक उपभोक्ता ऐसे हैं, जो बुकिंग के बाद 10 दिन से अधिक समय से सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, कई उपभोक्ताओं को एक महीने से गैस की आपूर्ति नहीं हो सकी है। ऐसे में एजेंसियों पर बढ़ते दबाव और आपूर्ति में देरी के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है।
Source link
उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी…:आनंद गैस के 22 हजार उपभोक्ता 5 एजेंसियों में शिफ्ट, पर किस एजेंसी में भेजा नहीं बताया
