![]()
भोपाल के निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार से यात्री ट्रेनों का संचालन औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार शाम 5 बजे आयोजित समारोह में डॉ. अंबेडकर नगर–श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर स्टेशन पर इसके नवस्वीकृत ठहराव का शुभारंभ करेंगे। इसी कार्यक्रम में जबलपुर–वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टेशन पर नए ठहराव की भी शुरुआत होगी। करीब तीन वर्षों से बनकर तैयार होने के बावजूद परिचालन शुरू नहीं होने के कारण चर्चा में रहा निशातपुरा रेलवे स्टेशन अब नियमित यात्री सेवाओं से जुड़ जाएगा। इसके साथ ही निशातपुरा, भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन जाएगा। रेलवे का मानना है कि इससे आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी और मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 12919 डॉ. अंबेडकर नगर–श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा एक्सप्रेस तथा 11463/11464 जबलपुर–वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस का निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव शुरू किया जा रहा है। इन दोनों ट्रेनों के लिए पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों को अब अपने बोर्डिंग स्टेशन की जानकारी की पुष्टि कर लेनी चाहिए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, भोपाल सांसद आलोक शर्मा सहित क्षेत्र के विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। रेलवे प्रशासन की ओर से पश्चिम मध्य रेलवे और भोपाल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहेंगे। निशातपुरा रेलवे स्टेशन के शुरू होने को भोपाल के रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, स्थानीय लोग स्टेशन तक पहुंचने वाले मार्गों पर ट्रैफिक प्रबंधन और सार्वजनिक परिवहन की बेहतर व्यवस्था किए जाने की भी मांग कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को नई सुविधा का पूरा लाभ मिल सके।
Source link
निशातपुरा स्टेशन पर आज से रुकेगी मालवा और सोमनाथ एक्सप्रेस:भोपाल के चौथे रेलवे स्टेशन की शुरुआत, CM करेंगे उद्घाटन
