![]()
मऊ में मंगलवार शाम 5 बजे खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विभिन्न कांवड़ मार्गों पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। सहायक आयुक्त मंजूषा सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान बिना वैध खाद्य लाइसेंस संचालित दो प्रतिष्ठानों को तत्काल बंद करा दिया गया। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई। बिना लाइसेंस संचालित मिलें होटल और ढाबा निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने कांवड़ मार्ग पर स्थित मिठाई की दुकानों, राष्ट्रीय राजमार्ग-29 के ढाबों, होटल और रेस्टोरेंट की जांच की। इस दौरान यू.पी. 54 ढाबा और सान्वी रेस्टोरेंट बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थ अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार और बेचे जा रहे थे। इसके बाद विभाग ने दोनों का संचालन तत्काल बंद कराते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। लाइसेंस और QR कोड प्रदर्शित करने के निर्देश खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाण-पत्र प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राहक संतुष्टि फीडबैक के लिए क्यूआर कोड और टोल फ्री नंबर भी प्रदर्शित करने को कहा गया, ताकि उपभोक्ता ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकें। स्वच्छता के मानकों का पालन करने की हिदायत निरीक्षण के दौरान होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को स्वच्छता और हाइजीन के मानकों का पालन करने, कृत्रिम रंगों और खुले मसालों के उपयोग से बचने तथा केवल पैक मसालों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने ताजा भोजन तैयार कर परोसने और पहले से बने भोजन का दोबारा उपयोग न करने की भी हिदायत दी। कटे फल और खुले खाद्य पदार्थों से बचने की अपील विभाग ने कटे हुए और सड़े-गले फलों की बिक्री पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। आमजन से अपील की गई है कि खुले में रखे खाद्य पदार्थ और कटे फल खरीदने से बचें तथा केवल लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री लें। सहायक आयुक्त मंजूषा सिंह ने बताया कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कांवड़ मार्ग पर बिना लाइसेंस चल रहे 2 होटल-ढाबे बंद:गंदे तरीके से बन रहा था खाना, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मारा छापा
