![]()
उज्जैन में मिलावटखोरों और दूषित खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को शहर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। महाकाल मंदिर के पास पराठादास कुलचादास (श्रीजी सर्विसेज)’ का एक वीडियो वायरल होने पर उसकी दुकान को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया। इससे पहले भी एक बार यहाँ खाद्य विभाग ने कार्यवाही की थी। इसके बाद टीम ने विभाग को मिल रही शिकायतों के आधार पर महाकाल क्षेत्र और फ्रीगंज के रेस्टोरेंट्स पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भारी अनियमितता पाए जाने पर पनीर और ग्रेवी के नमूने जब्त कर जाँच के लिए भेजे है। दरअसल पंजाब से आये एक भक्त ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर वायरल किया था जिसमे महाकाल मंदिर के पास संचालित होने वाले पराठादास कुलचादास (श्रीजी सर्विसेज)’ के रेस्टोरेंट से 200 रुपए प्लेट में आलू की सब्जी पूरी मंगवाई थी। लेकिन आलू में से बड़ा प्लास्टिक का टुकड़ा मिलने पर उपभोक्ता ने वीडियो बनाकर स्वास्थ्य विभाग को टैग किया था। वीडियो वायरल होते ही खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को कार्यवाही कर दी। लायसेंस निलंबित, मौके पर बंद कराई दुकान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत शर्मा के अनुसार, मंगलवार को मिली एक शिकायत के आधार पर महाकाल मार्ग स्थित ‘पराठादास कुलचादास (श्रीजी सर्विसेज)’ पर दबिश दी गई। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में भारी अनियमितताएं और गंदगी पाई गई। इस पर विभाग ने फर्म को तत्काल नोटिस जारी किया। साथ ही आगामी 03 दिनों के लिए उनका खाद्य लाइसेंस निलंबित कर मौके पर ही व्यवसाय को बंद करवा दिया गया। टीम ने यहां से सब्जी का नमूना भी जब्त किया है। स्वागत और इंडियन जायका पर भी दबिश टीम ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए महाकाल मार्ग पर ही स्थित ‘स्वागत रेस्टोरेंट’ का भी निरीक्षण किया। यहाँ से खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांचने के लिए दही का नमूना लिया गया। इसके बाद टीम फ्रीगंज क्षेत्र पहुंची। यहां ‘ इंडियन जायका रेस्टोरेंट’ के खिलाफ मिली शिकायत पर कार्रवाई करते हुए टीम ने पनीर और ग्रेवी के नमूने जब्त किए। जांच के लिए भोपाल भेजी सामग्री खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सब्जी, दही, पनीर और ग्रेवी के सभी नमूनों को सील कर दिया है। इन सैंपल्स को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब से रिपोर्ट आने के बाद संबंधित रेस्टोरेंट संचालकों पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिन भी संस्थानों में कमियां मिली हैं, उन्हें सुधार के लिए नोटिस थमाए गए हैं।
Source link
पराठादास कुलचादास का लाइसेंस 3 दिन के लिए निलंबित:आलू की सब्जी में निकला था प्लास्टिक, महाकाल दर्शन करें आए भक्त ने शिकायत दर्ज की थी
