लोहारू में 17 वर्षीय लड़की का अपहरण:पिता की हो चुकी मौत, मां- भाई के साथ रहती, मुर्गी फार्म मालिक- नौकर पर आरोप




भिवानी जिले के लोहारू थाना पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के कथित अपहरण के मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई लड़की की मां की शिकायत पर की गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हिसार निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ लोहारू थाना क्षेत्र के एक गांव में मुर्गी फार्म पर मजदूरी करती हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी और 15 वर्षीय बेटा भी उनके साथ फार्म पर रहते थे। शिकायत के अनुसार, फार्म पर रवि कुमार निवासी गांव धुरी, जिला संगरूर (पंजाब) भी मजदूर के तौर पर काम करता था। 24 जुलाई 2026 की सुबह करीब 5 बजे जब महिला सोकर उठीं, तो उनकी बेटी अपने बिस्तर पर नहीं मिली। उन्होंने पूरे फार्म पर उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। इसी दौरान रवि कुमार भी फार्म से गायब पाया गया। मां ने युवक को बेटी से बात करते हुए देखा महिला ने आरोप लगाया कि उन्होंने कुछ समय पहले रवि कुमार को अपनी बेटी से अनुचित तरीके से बात करते हुए देखा था। उन्होंने यह आशंका भी व्यक्त की कि फार्म मालिक बलबीर इस मामले में शामिल हो सकता है, क्योंकि रवि कुमार के फोन बार-बार बलबीर के पास आ रहे थे और वह फोन आने पर अलग जाकर बात करता था। पूछने पर बलबीर ने कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से रवि कुमार और बलबीर के विरुद्ध उनकी नाबालिग बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। पुलिस ने दर्ज किया केस, लड़की की तलाश जारी इस शिकायत के आधार पर, थाना लोहारू पुलिस ने 28 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की की तलाश और मामले के सभी पहलुओं की जांच के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी लोहारू, इंस्पेक्टर सत्यनारायण ने जानकारी दी कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने पीड़िता के घर जाकर भी पूछताछ की है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा लड़की की तलाश और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *