![]()
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय का अष्टम दीक्षांत समारोह आज आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विश्वविद्यालय की कुलाधिपति के रूप में समारोह की अध्यक्षता करेंगी। पद्मश्री (डॉ.) अशोक कुमार सिंह, पूर्व निदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली, मुख्य अतिथि होंगे और विद्यार्थियों को दीक्षोपदेश देंगे। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर कुल 19,197 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। इनमें 13,261 स्नातक (8,093 महिलाएँ, 5,167 पुरुष) और 5,936 परास्नातक (3,768 महिलाएँ, 2,166 पुरुष) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 30 शोधार्थियों को भी पी-एच.डी. की उपाधियाँ मिलेंगी। समारोह में अपनी कक्षा में प्रथम आने वाले 44 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 35 छात्राएँ और 9 छात्र हैं। एम.एस-सी. रसायन विज्ञान की छात्रा नंदिनी वर्मा को विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए कुलाधिपति स्वर्ण पदक मिलेगा। इस वर्ष पहली बार डॉ. काशी प्रसाद जायसवाल स्मृति स्वर्ण पदक भी दिया जा रहा है, जो प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की छात्रा विनीता सिंह को प्रदान किया जाएगा। दीक्षांत समारोह से पहले कुलाधिपति के निर्देश पर ‘दीक्षोत्सव’ का आयोजन किया गया था। इसमें विश्वविद्यालय परिसर, प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर काव्य लेखन, निबंध और चित्रकला जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्राथमिक विद्यालयों के विजेताओं को कुलाधिपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। कुलाधिपति आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 200 किट भी वितरित करेंगी, जिनमें से 100 किट जिला प्रशासन और 100 किट विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। राज्यपाल का विशेष ध्यान बालिका एवं महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर रहता है। इसी क्रम में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण भी किया जाएगा, जिसके प्रमाण पत्र कुलाधिपति द्वारा प्रदान किए जाएंगे।
Source link
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आज:राज्यपाल करेंगी अध्यक्षता, 44 छात्रों को मिलेगा गोल्ड
