![]()
सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी फेकन कुमार मंगलवार को सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हो गया। वह पुलिस को चकमा देकर बाथरूम का वेंटिलेटर तोड़कर भाग गया। फेकन 1 जुलाई को रीगा थाना क्षेत्र के अनहारी स्थित सीएसपी केंद्र से 1.50 लाख रुपए की लूट में शामिल था। वहीं 25 दिन पहले पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में सघन छापेमारी शुरू कर दी है। फरार अपराधी की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के सुंदरगामा निवासी अमृत साह के बेटे फेकन कुमार के रूप में हुई है। पिस्टल के बल पर किया था लूट दरअसल, 1 जुलाई को फेकन अपने साथियों के साथ मिलकर रीगा थाना क्षेत्र के अनहारी स्थित सीएसपी केंद्र से दिनदहाड़े पिस्टल के बल पर 1.50 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें 5 लोग सीएसपी केंद्र के अंदर नजर आ रहे है। शटर बंद था और केंद्र के अंदर अंधेरा था। वहीं फेकन के हाथ में एक पिस्टल नजर आ रहा है, जिसके बल पर उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मुठभेड़ में फेकन हुआ था घायल लूट के 2 दिन बाद 3 जुलाई को पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर चार अपराधियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें पुलिस की गोली लगने से फेकन घायल हो गया था। उसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, लूट में प्रयुक्त वाहन समेत अन्य सामान भी बरामद किया था। इलाज के बाद 14 जुलाई को उसे न्यायिक हिरासत में सीतामढ़ी मंडल कारा भेज दिया गया। बता दें कि इससे पहले 29 जून को सीतामढ़ी के परिहार थाना के हाजत से कुख्यात 25000 का इनामी बदमाश प्रभु भगत भी फरार हुआ था। वहीं 21 जुलाई को यूपी की चेन स्नेचर सरिता देवी सीतामढ़ी के नगर थाना से पुलिस हाजत से भागी थी। पुलिस को चकमा देकर कैदी वार्ड से फरार जेल अधीक्षक जलज कुमार ने बताया कि फेकन की तबीयत बिगड़ने पर 24 जुलाई को उसे मंडल कारा से इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। वहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। इसी दौरान मंगलवार को वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फेकन कुमार के खिलाफ सीतामढ़ी जिले के परसौनी, बेलसंड, रीगा समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के लगभग 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी है। SP ने 3 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित एसपी अमित रंजन ने पुष्टि की कि फेकन सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती था और मंगलवार को बाथरूम के वेंटिलेटर से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। एसपी अमित रंजन ने यह भी बताया कि ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
Source link
सीतामढ़ी में अस्पताल के कैदी वार्ड से कुख्यात अपराधी फरार:25 दिन पहले हुआ था एनकाउंटर, CSP लूट में था शामिल, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
