Headlines

फाजिल्का पुलिस की कार्रवाई:दिल्ली के तस्कर से ग्लॉक समेत 5 अवैध पिस्तौल बरामद, नेटवर्क की जांच शुरू




फाजिल्का पुलिस को अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी 23 वर्षीय पीयूष बरेला को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पंजाब क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दक्षिण दिल्ली के मंगलापुरी पालम कॉलोनी निवासी पीयूष बरेला अबोहर में मौजूद है और अवैध हथियारों की आपूर्ति करने के लिए आया हुआ है। सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ ने अबोहर अनाज मंडी से अजीत नगर लिंक रोड पर विशेष नाकाबंदी और रेड की। इस दौरान आरोपी को काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान 5 पिस्तौल बरामद तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल पांच अवैध पिस्तौल बरामद किए। बरामद हथियारों में एक ग्लॉक पिस्तौल, एक टोकराव पिस्तौल, एक स्टार पिस्तौल और दो देसी पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस ने सभी हथियार कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ पहले दिल्ली की स्पेशल सेल में अवैध हथियार तस्करी से संबंधित मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी पता चला है कि वह जेल में बंद कुछ लोगों के निर्देश पर हथियारों की सप्लाई करने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान हथियारों की सप्लाई नेटवर्क, इनके स्रोत और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *