Headlines

कोडरमा में कथित धर्म परिवर्तन की सूचना:पुलिस ने प्रार्थना सभा से दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया, वाहन जब्त




कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के ठेसवा गांव में बुधवार को कथित धर्म परिवर्तन से जुड़ी एक प्रार्थना सभा की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने सभा में शामिल दर्जनों महिला एवं पुरुषों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई, हालांकि कुछ लोग वहां से निकलने में सफल रहे। पुलिस ने प्रार्थना सभा कराने आए लोगों द्वारा उपयोग की जा रही एक चारपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया। वाहन के दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया था कि गांव के एक घर में बाहर से आए कुछ लोगों द्वारा प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सालाना पूजा और शिवचर्चा का आयोजन चल रहा था, तभी उन्हें इस प्रार्थना सभा की सूचना मिली। उन्होंने धर्म परिवर्तन कराए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचित किया था। घटना की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष बबलू सिंह और जिला परिषद प्रतिनिधि धनंजय यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में लिए गए लोगों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *