![]()
रेवाड़ी शहर की गुलाबी बाग, देव नगर, विकास नगर, आदर्श नगर, यादव नगर और सुभाष बस्ती में पिछले करीब दो माह से घरों में गंदा और बदबूदार पानी पहुंच रहा है। करीब 10 हजार की आबादी दूषित पानी की समस्या से परेशान है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। मजबूरी में लोग रोजाना अपनी जेब से पैसे खर्च कर पीने का पानी खरीद रहे हैं। लोगों के अनुसार घरों में सप्लाई होने वाला पानी इतना गंदा है कि पीना तो दूर, बर्तन और कपड़े धोने के काम में भी इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। पानी में बदबू आने के कारण खाना बनाने के लिए भी लोग अलग से पानी खरीद रहे हैं। कुछ परिवार दूर-दराज से पानी लाकर काम चला रहे हैं। पुरानी पाइपलाइन में लीकेज, सीवरेज का पानी मिलने का आरोप कॉलोनीवासियों का आरोप है कि शहर में पानी की पाइपलाइन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है। कई स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज भी है। इसी वजह से सीवरेज का गंदा पानी पेयजल लाइन में मिलकर घरों तक पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि विभाग को कई बार इसकी जानकारी दी गई, लेकिन लीकेज की समय पर मरम्मत नहीं हुई। एक माह से खरीदकर पी रहे पानी दूषित पानी की सप्लाई के कारण परिवारों पर रोजाना अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि एक महीने से बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। कम आय वाले परिवारों के लिए यह खर्च और परेशानी दोनों बढ़ा रहा है। महिलाओं को घर के काम के लिए पानी की अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ रही है। शिकायतों के बाद भी सिर्फ आश्वासन स्थानीय लोगों का कहना है कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। हर बार समस्या का समाधान कराने का आश्वासन मिलता है, लेकिन मौके पर स्थिति नहीं बदलती। लोगों ने प्रशासन से पानी की गुणवत्ता की जांच कराने, लीकेज तलाशकर पाइपलाइन की मरम्मत कराने और साफ पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
Source link
आधा दर्जन कॉलोनियों में एक माह से आ रहा गंदा:10 हजार लोग अपनी जेब से पैसे खर्च कर पी रहे है पानी
