![]()
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक किरण देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यूपी के झांसी और ललितपुर के बीच उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें उन्हें कमर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। फिलहाल, उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार किरण देव अपने निजी कार्यक्रम के सिलसिले में बागेश्वर धाम गए थे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर वे परिवार के साथ वहां पहुंचे थे और वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय किरण देव जिस वाहन में सवार थे, उसमें उनके साथ PSO थे, वहीं परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में थे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उनके करीबियों का कहना है कि किरण देव को गंभीर खतरा नहीं है और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। फिलहाल हादसे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं। खबर अपडेट की जा रही है…
Source link
छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सड़क हादसे में घायल:यूपी के ललितपुर में हुआ हादसा, बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए थे
