![]()
कांगड़ा जिले की देहरा पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। इस परिणाम को कांग्रेस के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। अध्यक्ष पद पर विनोद कुमार और उपाध्यक्ष पद पर रुबीना चौधरी निर्वाचित हुए। 23 सदस्यीय पंचायत समिति में भाजपा समर्थित विनोद कुमार और रुबीना चौधरी को 15-15 मत मिले। वहीं, कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों सुनीला और सुमित को 8-8 मतों से संतोष करना पड़ा। जीत के बाद देहरा की राजनीति में भाजपा खेमे में उत्साह है। राजनीतिक गलियारों में इस जीत का श्रेय पूर्व मंत्री और जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर को दिया जा रहा है, जिन्हें पार्टी ने चुनाव का प्रभारी बनाया था। चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा संगठन जिला देहरा के प्रभारी और पूर्व विधायक राजेश ठाकुर भी मौजूद रहे। विजिलेंस मामले को लेकर चर्चा में रहे देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह चुनाव प्रक्रिया के दौरान नजर नहीं आए। यह परिणाम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी और देहरा से कांग्रेस विधायक कमलेश ठाकुर के लिए भी राजनीतिक झटका माना जा रहा है, क्योंकि उनके गढ़ में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर सके। पंचायत समिति के चुनाव कराने में देरी हुई: विनोद कुमार नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि सरकार ने पंचायत समिति के चुनाव कराने में देरी की, लेकिन इसके बावजूद जनता के प्रतिनिधियों ने भाजपा पर विश्वास जताया। उन्होंने सभी सदस्यों को साथ लेकर पंचायत समिति के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। उपाध्यक्ष रुबीना चौधरी ने अपनी जीत को भाजपा की नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने पंचायत समिति क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की बात कही। कांग्रेस की उल्टी गिनती शुरू, 2027 का मिला संकेत: बिक्रम सिंह ठाकुर जीत के बाद विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि पंचायत समिति के चुनाव परिणाम यह दर्शाते हैं कि प्रदेश में कांग्रेस की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि यह परिणाम वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का स्पष्ट संकेत है और जनता का रुझान भाजपा की ओर बढ़ रहा है। भाजपा के जश्न की तस्वीरें-
Source link
सीएम सुक्खू की पत्नी के गढ़ में BJP की जीत:देहरा पंचायत समिति पर जमाया कब्जा; विनोद अध्यक्ष, रुबीना उपाध्यक्ष निर्वाचित
