Headlines

सरायकेला में जिंदा जल गया ट्रेलर चालक:हाइवा-ट्रेलर की आमने-सामने की टक्कर, टकराते ही लगी आग, ट्रक ड्राइवर की भी मौत




सरायकेला जिले के राजनगर-चाईबासा एनएच-220 पर सोमवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। रोला-खैरबनी मोड़ के समीप हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भारी वाहनों में तुरंत आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और लपटों से भर गया। ट्रेलर चालक केबिन में जिंदा जला इस अग्निकांड में ट्रेलर चालक की केबिन में ही जिंदा जलकर मौके पर मौत हो गई। वहीं हाइवा चालक को गंभीर हालत में मलबे से निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के दौरान पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर भी आग से बचने के प्रयास में आपस में टकरा गए। वे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दूसरी दुर्घटना में दोनों चालक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है। दो घंटे बाद काबू में आई आग, जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि दमकलकर्मियों को आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लगा। हालांकि तब तक दोनों मुख्य वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने की सड़क चौड़ीकरण की मांग इस भयावह हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि एनएच-220 पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जबकि सड़क अब भी संकरी है। ऐसे में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। ग्रामीणों ने सरकार से इस सड़क को जल्द से जल्द फोरलेन में तब्दील करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *