Headlines

कामकाजी मां का नया साथी एआई:खरीदारी, बच्चों के कैलेंडर जैसे दैनिक कामों में मदद; हैली पेक बोले- तकनीक ने घरेलू काम ​को आसान बनाया




ऑफिस की डेडलाइन और घर की अंतहीन जिम्मेदारियां- कामकाजी मांओं के लिए दोनों को एक साथ संभालना हमेशा से एक बड़ी मानसिक चुनौती रहा है। आजकल कामकाजी मांओं ने इस समस्या का हल एआई एजेंट्स में खोज निकाला है। न्यूयॉर्क की फिनटेक कंपनी ‘एडिशन वेल्थ’ की चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (सीएमओ) हैली पेक इसका सटीक उदाहरण हैं। दो बच्चों की मां हेली अपने पारिवारिक कैलेंडर, राशन की खरीदारी और समर कैंप के भारी-भरकम फॉर्म भरने जैसे काम ‘एआई एजेंट्स’ के हवाले कर चुकी हैं। कामकाजी पैरेंट्स के बीच एआई एजेंट तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। ये घरेलू कामों की योजना, खरीदारी, शेड्यूल और रिमाइंडर का काम संभाल रहे हैं, जबकि अंतिम फैसला अब भी इंसान का ही रहता है। हैली पेक परप्लेक्सिटी और क्लॉड जैसे एआई एजेंट इस्तेमाल करती हैं। वह बताती हैं कि एआई एजेंट को बस यह बताना होता है कि घर में कौन-कौन सा सामान खत्म हो गया है। एजेंट जरूरतों और ब्रांड्स को ध्यान में रखकर अपने-आप सामान खरीदारी की लिस्ट में जोड़ देता है। आउट ऑफ स्टॉक सामानों के विकल्प सुझाने के बाद सिर्फ डिलीवरी स्लॉट चुनना होता है। जो काम पहले 30 मिनट लेता था, वह अब महज 2 मिनट में पूरा हो जाता है। एआई एजेंट बच्चों के स्कूल कैलेंडर, छुट्टियों और एक्टिविटीज को उनके कामों के शेड्यूल के साथ क्रॉस-चेक करता है। इससे शेडयूल में टकराव का महीनों पहले पता चल जाता है। एआई एजेंट के पास आपकी पसंद-नापसंद और जरूरी जानकारी, जैसे- नाम, जन्मतिथि, मनपसंद ब्रांड्स का सुरक्षित एक्सेस होता है। उदाहरण के लिए ग्रोसरी ऑर्डर करते समय यह याद रखता है कि आपके घर में कौन सा दूध या फल आता है। यदि वह ब्रांड उपलब्ध नहीं है, तो आपकी पुरानी पसंद के आधार पर दूसरा विकल्प भी ‘खरीदारी लिस्ट’ में जोड़ देता है। हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू और माइक्रोसॉफ्ट वर्क ट्रेंड इंडेक्स की रिपोर्ट बताती हैं कि एआई एजेंट रोजमर्रा के कामों में सहयोगी बन रहा है। हालांकि विशेषज्ञ सुझाव देते हैं कि एआई को केवल वही निजी जानकारी दें, जो जरूरी हो। स्मार्ट एजेंट्स – चैटबॉट से आगे निकले ऑटोनॉमस एआई टूल वैश्विक टेक रिसर्च रिपोर्ट्स के अनुसार, एआई अब साधारण सवाल-जवाब करने वाले चैटबॉट से आगे बढ़कर ‘ऑटोनॉमस एजेंट्स’ के चरण में पहुंच चुका है। ये एजेंट्स केवल सुझाव नहीं देते, बल्कि यूजर की अनुपस्थिति में बैकग्राउंड में ब्राउजर चलाकर फॉर्म भरने, कैलेंडर सिंक करने और कार्ट में सामान जोड़ने जैसे बहु-स्तरीय काम खुद कर सकते हैं। कार्यस्थल व मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि वर्किंग पैरेंट्स, विशेषकर महिलाओं पर चीजें याद रखने और योजना बनाने का तनाव सबसे ज्यादा होता है। एआई एजेंट्स इस काम को तकनीक पर शिफ्ट कर रहे हैं, जिससे कामकाजी माताएं बच्चों को ज्यादा समय दे पा रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *