![]()
कोरबा जिले के केंदई वन परिक्षेत्र के छिंदिया गांव में बुधवार (29 जुलाई) को कटहल खाने पहुंचा एक भालू 25 फीट गहरे खुले कुएं में गिर गया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद रात करीब 11 बजे भालू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि भालू को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित जंगल की ओर लौट गया। जानकारी के अनुसार, भालू भोजन की तलाश में छिंदिया गांव पहुंचा था। कटहल खाने के दौरान वह खुले कुएं में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को कुएं के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर दूर रहने की समझाइश दी, ताकि भालू तनावग्रस्त न हो। पारंपरिक तरीके हुए नाकाम, बदली गई रणनीति कुएं की अधिक गहराई और डरे हुए भालू के कारण शुरुआती रेस्क्यू प्रयास सफल नहीं हो सके। इसके बाद वन विभाग ने रणनीति बदलते हुए जेसीबी मशीन से कुएं के एक हिस्से में मिट्टी काटकर ढलाननुमा रास्ता तैयार किया। साथ ही कुएं के भीतर मजबूत बांस की सीढ़ी लगाई गई, ताकि भालू आसानी से बाहर निकल सके। रेस्क्यू के दौरान पूरे क्षेत्र से भीड़ हटाकर शांत वातावरण बनाया गया। रात 11 बजे सुरक्षित बाहर निकला भालू कई घंटों की मशक्कत के बाद रात करीब 11 बजे भालू ने बांस की सीढ़ी और जेसीबी से बनाए गए ढलान का उपयोग करते हुए कुएं से बाहर छलांग लगाई और सीधे पास के जंगल की ओर चला गया। भालू के सुरक्षित बाहर निकलने पर वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने संभाली कमान यह रेस्क्यू अभियान वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत के निर्देशन और उप वनमंडलाधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक कुमार दुबे, वनपाल शारदा प्रसाद शर्मा, मंगल सिंह नायक, गंगाराम नेताम, अशोक कुमार श्रीवास, मुरारी लाल साहू, प्रहलाद सिदार, हाथी मित्र दल के संदीप उइके, भोला यादव तथा स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वन विभाग की अपील वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव कुएं, गड्ढे या अन्य स्थान पर फंस जाए तो स्वयं उसे निकालने का प्रयास न करें और न ही भीड़ लगाएं। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें। विभाग ने खुले कुओं के चारों ओर मजबूत सुरक्षा दीवार या घेरा बनाने की भी अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Source link
कटहल खाने गया भालू 25 फीट गहरे कुएं में गिरा:कोरबा में वन विभाग ने JCB और बांस की सीढ़ी से किया रेस्क्यू
