![]()
छिंदवाड़ा शहर में गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्सा विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला पशु चिकित्सालय परिसर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और इसके बाद रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर पशु चिकित्सा विभाग के उपसंचालक डॉ. पक्षवार को तत्काल पद से हटाने की मांग की। ’10 से ज्यादा शिकायतें, फिर भी कार्रवाई नहीं’ संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि वे पिछले कई वर्षों से विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें कर रहे हैं। उनका दावा है कि अब तक 10 से अधिक बार आवेदन और शिकायतें देने के बावजूद संबंधित अधिकारी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। गौशालाओं में इलाज और व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नगर निगम क्षेत्र और विभिन्न गौशालाओं में घायल एवं बीमार गौवंश के उपचार में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि कई बार पशु चिकित्सालय में डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहते, जिससे समय पर उपचार नहीं हो पाता और कई गायों की मौत हो जाती है। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि गौशालाओं को मिलने वाली पोषण आहार की राशि समय पर जारी नहीं होती, जिससे गौवंश के रखरखाव और देखभाल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संगठन ने पशु चिकित्सा विभाग में कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की। एसडीएम को सौंपा ज्ञापन प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर एसडीएम को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विभागीय कार्यप्रणाली की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और उपसंचालक को हटाने की मांग की गई। उग्र आंदोलन की चेतावनी विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन जिलेभर में व्यापक और उग्र आंदोलन करेगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर मामले को नियमानुसार परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजने की बात कही गई है। वहीं, ज्ञापन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Source link
हनुमान चालीसा का पाठ कर कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली:पशु चिकित्सालय के उपसंचालक को हटाने की मांग,बजरंग दल ने दी चेतावनी-कार्रवाई नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन
