![]()
पानीपत जिले की समालखा पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने बिजली की दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बलजीत नगर निवासी दीपक और राजाखेड़ी निवासी राजाराम के रूप में हुई है। उन्हें बुधवार शाम सेक्टर 12 गंदा नाला पुलिया के पास से पकड़ा गया। एंटी व्हीकल थेफ्ट इंचार्ज सब- इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि बुधवार शाम गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, दो संदिग्ध युवक एक ई-रिक्शा में लोहे का सामान रखकर उसे बेचने की फिराक में बबैल नाका से गंदा नाला पटरी होते हुए ट्रक यूनियन की तरफ आ रहे थे। सामान चोरी का होने की आशंका थी। पुलिस ने नाकाबंदी करके पकड़ा सूचना के बाद पुलिस टीम ने सेक्टर 12 ग्रीन पार्क के पास गंदा नाला पुलिया पर नाकाबंदी की और ई-रिक्शा सवार दोनों युवकों को काबू कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान दीपक और राजाराम के रूप में बताई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने 24 जुलाई की रात सनौली रोड स्थित मयूर स्वीट्स वाली गली में एक बिजली की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने रोशनदान के रास्ते दुकान में घुसकर करीब 50 किलो तांबे की तार और 20 से अधिक छोटी-बड़ी मोटरें चोरी की थीं। इस चोरी के संबंध में थाना चांदनी बाग में विद्यानंद कॉलोनी निवासी सुनील की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। नशा करने के आदी हैं दोनों आरोपी सब- इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर उन्होंने मिलकर यह चोरी की। दुकान से चोरी की गई मोटरों से तांबे की तार निकालकर और चोरी की गई तांबे की तार को एक अज्ञात कबाड़ी को 30 हजार रुपए में बेच दिया था। दोनों ने ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। बुधवार को वे बचे हुए लोहे के सामान को ई-रिक्शा में रखकर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहे थे, तभी पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों से 10 हजार रुपए नकद, चोरी की मोटरों के पार्ट्स और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। वीरवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Source link
समालखा पुलिस ने अरेस्ट किए चोरी के दो आरोपी:बिजली की दुकान से चुराया सामान, 10 हजार कैश, मोटर पार्ट्स व ई-रिक्शा बरामद
