Headlines

कांग्रेस की बैठक में निकाय चुनाव पर चर्चा:'जीताऊ' उम्मीदवार को टिकट देने, सांसद राजकुमार पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप




जिले में आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित की गई। यह बैठक जिला कांग्रेस प्रभारी हीरालाल दरागी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष गणेश घोघरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें नगर परिषद और नगरपालिकाओं के चुनावों के लिए संगठन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विधायक गणेश घोघरा ने कहा कि कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य नगर परिषद और नगरपालिकाओं में अपने चेयरमैन बनाना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर पार्टी हित में एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। घोघरा ने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण में भाई-भतीजावाद को कोई स्थान नहीं दिया जाएगा, बल्कि पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी, जिन्होंने लगातार पार्टी के लिए कार्य किया हो और जिनकी जीत की संभावना अधिक हो। इस दौरान गणेश घोघरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता धर्म और जाति के नाम पर लोगों को गुमराह करते हैं। घोघरा ने भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) और सांसद राजकुमार रोत पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद राजकुमार और बीएपी अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को लाभ पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद राजकुमार रोत की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के साथ तस्वीरें उनके भाजपा से निकट संबंधों का संकेत देती हैं। घोघरा ने भारत आदिवासी पार्टी पर युवाओं को गुमराह कर उन्हें अपराध की ओर धकेलने का आरोप भी लगाया। बैठक में सागवाड़ा नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पिछले चुनाव में कांग्रेस ने नगरपालिका में बोर्ड बनाया था। उन्होंने इस बार भी जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आग्रह किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में गुटबाजी बढ़ गई है और पार्टी पहले की तुलना में कमजोर हुई है। बैठक में नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *