![]()
मुंगेर जिला मुख्यालय के शहीद स्मारक भवन में शनिवार को समाजवादी पार्टी की जिला इकाई की बैठक हुई। जिलाध्यक्ष पप्पू यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक अनियमितताओं, किसानों की समस्याओं और स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। पार्टी ने संगठन को मजबूत बनाने और आंदोलन की रणनीति भी तय की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर 8 अगस्त को जिला समाहरणालय का घेराव किया जाएगा। इस दौरान सीपीआई नेता बच्चू राय चंद्रवंशी, समाजसेवी नीलम देवी और अरुण महतो सहित लगभग आधा दर्जन लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि वर्तमान में लोकतांत्रिक अधिकारों पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज, मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और दमनकारी कार्रवाई की जा रही है। यादव ने मुंगेर में छात्रों पर दर्ज मुकदमों को बिना शर्त वापस लेने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में भी दलित बस्तियों में सड़क, किसानों को आवश्यक सुविधाएं, भूमिहीनों को वासगीत पर्चा और आम लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
Source link
मुंगेर में सपा की बैठक, 8 अगस्त को कलेक्ट्रेट घेराव:कानून-व्यवस्था- किसान समस्या और छात्र केस वापसी पर चर्चा
