![]()
देश को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा के लिए विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को पंचकूला सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में प्रधानमंत्री के लाइव संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्य अतिथि रहे। छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुना और नशा मुक्त समाज बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। PM बोले- नशे से दूर रहकर विकसित भारत में दें योगदान प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान है, जिसके जरिए देशभर में करोड़ों लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। PM ने युवाओं को आधुनिक तकनीक, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों को अपनाकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को तेजी से हासिल किया जा सकता है। युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील भी की। मंत्री बोले- बच्चों को समय दें अभिभावक कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशभर में हजारों युवाओं से संवाद कर करीब एक करोड़ लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया है। प्रधानमंत्री का हर संदेश देशहित और लंबे अनुभव पर आधारित होता है, जो राष्ट्र को नई दिशा देता है। उन्होंने युवाओं से गलत संगत से दूर रहने और अच्छी संगति अपनाने की अपील की। अभिभावकों से भी कहा कि वे बच्चों के साथ अधिक समय बिताएं, उन्हें अच्छे संस्कार दें और अपने जीवन के अनुभव साझा करें, ताकि युवा नशे जैसी बुराइयों से बच सकें। नशा तस्करों पर कठोर कार्रवाई की जरूरत श्याम सिंह राणा ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस को पूरी कठोरता से कार्रवाई करनी चाहिए। नशे के खिलाफ सरकार, पुलिस, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर संयुक्त अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नशा मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
Source link
नशे के खिलाफ पंचकूला की छात्राओं ने लिया संकल्प:PM मोदी के लाइव संवाद से जुड़ीं, कृषि मंत्री बोले- गलत संगत से बचें युवा
