![]()
छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। सटई रोड मंडी के पीछे स्थित हरि प्रकाश खरे के मकान में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:45 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति घर में घुस गया। हालांकि, मकान मालिक की सतर्कता के कारण चोर वारदात को अंजाम नहीं दे सका और मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक, मकान मालिक हरि प्रकाश खरे देर रात अपने घर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रहे थे। इसी दौरान उन्हें स्क्रीन पर कुछ हलचल दिखाई दी। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति चोरी के इरादे से घर के पिछले हिस्से से अंदर प्रवेश कर चुका था और आगे बढ़ने का प्रयास कर रहा था। संदिग्ध की मौजूदगी का आभास होते ही परिवार के सदस्य पीछे की ओर गए और वहां चल रहा कूलर बंद कर दिया। कूलर बंद होते ही संदिग्ध को लगा कि घर के लोग जाग चुके हैं। इसके बाद वह तुरंत मौके से भाग निकला। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें संदिग्ध की गतिविधियां स्पष्ट रूप से कैद हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Source link
