![]()
सूरजपुर के झिलमिली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से करीब 4 लाख 15 हजार रुपए की चोरी की सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने चोरी के सामान में दो बाइक, पांच मोबाइल फोन, एक एयरबड, दो पानी की टंकियां और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर और अधिकारियों के मार्गदर्शन में झिलमिली पुलिस ने चोरी की घटनाओं को सुलझाने के लिए अभियान चलाया। पुलिस ने मुखबिरों से जानकारी जुटाई, पुराने अपराधियों की जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कार्रवाई की। जांच में मोबाइल दुकान में चोरी, बाइक चोरी और प्राथमिक शाला उपरपारा केवरा से पानी की टंकी चोरी के मामले सामने आए। पुलिस ने छोटू अगरिया, शेखर साहू, शिवा देवांगन और लला कोल को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा बसदेई चौकी क्षेत्र में पल्सर बाइक चोरी मामले में पकड़े गए आरोपी प्रद्युम्न बघेल को आगे की कार्रवाई के लिए बसदेई पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। क्षेत्र में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source link
सूरजपुर में चोरी के चार मामलों का खुलासा:1 नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार, 4.15 लाख की चोरी की संपत्ति जब्त
