![]()
पाली में श्रावण के पहले सोमवार पर शहर और जिले के प्रमुख शिवालयों में सुबह से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। सोमनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव का 51 किलो फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया, जबकि लाखोटिया महादेव मंदिर को भी सजाया गया। आमेर और जोधपुर से लाए गुलाब, मोगरा और बेलपत्र लगाए। जिले के कई शिवालयों में जलाभिषेक, विशेष पूजा और भजन-कीर्तन हुए। जिले के प्रमुख शिवालयों में पहुंचे श्रद्धालु हल्की बारिश के बीच सुबह से श्रद्धालु सोमनाथ महादेव मंदिर, लाखोटिया महादेव मंदिर, परशुराम महादेव मंदिर, निम्बोका नाथ महादेव मंदिर सहित जिले के प्रमुख शिवालयों में पहुंचे। पाली शहर के पंचमुखी महादेव, निहालेश्वर महादेव, मंडलेश्वर महादेव, पातालेश्वर महादेव, नीलकंठ महादेव तथा बापू नगर, इंदिरा कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, गांधी नगर और राणावास स्थित बिलकेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन कर परिवार की खुशहाली की कामना की। 51 किलो फूलों से किया गया श्रृंगार शहर के सोमनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव का 51 किलो फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। इसके लिए आमेर और जोधपुर से गुलाब, हजारा, मोगरा और बेलपत्र मंगवाए गए। मंदिर समिति के अनुसार शाम को भी भगवान शिव का 51 किलो फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। फोटो में देखें श्रावण के सोमवार की झलकियां…
3 साल की नातिया ने किया जलाभिषेक सोमनाथ महादेव मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए सुबह से कतार लगी रही। यहां अपने माता-पिता कुसुम सोनी और दीपेश सोनी के साथ पहुंची 3 साल की नातिया ने भी श्रद्धा के साथ शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। मंदिर में महिलाएं सुबह भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान शिव की स्तुति करती नजर आईं। लाखोटिया महादेव मंदिर की सजावट रही आकर्षण श्रावण के पहले सोमवार पर लाखोटिया महादेव मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया। सुबह से मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में भगवान शिव का फूलों से श्रृंगार किया गया। मंदिर और लाखोटिया गार्डन में लोग फोटो और सेल्फी लेते दिखाई दिए। कई महिलाएं बच्चों के साथ गार्डन में झूला झूलती भी नजर आईं। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन, जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के फोटो और वीडियो साझा किए। दिनभर शहर के विभिन्न शिवालयों से जुड़ी तस्वीरें, सेल्फी और रील सोशल मीडिया पर पोस्ट की जाती रहीं।
Source link
सोमनाथ महादेव को 51 किलो के फूलों से सजाया:आमेर और जोधपुर से लाए गुलाब, मोगरा और बेलपत्र लगाए; 3 साल की नातिया ने किया जलाभिषेक
