सैयद रिजवान अली | हमीरपुर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हमीरपुर से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे-34 पर मंगलवार सुबह भीषण जाम लग गया। सुबह से शुरू हुआ जाम करीब 10 बजे तक हमीरपुर से सुमेरपुर के बीच लगभग 15 किलोमीटर तक फैल गया। जाम में स्कूली बसें, एंबुलेंस, रोडवेज और निजी वाहन, ट्रक, ई-रिक्शा समेत हजारों वाहन फंस गए।
यातायात सुचारू कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस लगातार मशक्कत करती रही। कानपुर से सागर (मध्य प्रदेश) को जोड़ने वाला NH-34 टू-लेन हाईवे है, जिस पर प्रतिदिन करीब 10 से 12 हजार वाहन गुजरते हैं। ऐसे में किसी वाहन के खराब होने या सड़क पर किसी बाधा के चलते लंबा जाम लगना आम बात हो जाती है।
मंगलवार सुबह भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। जाम में फंसे स्कूली बस चालक शैलेंद्र ने बताया कि वह सुमेरपुर से बच्चों को लेकर कुछेछा स्कूल जा रहे थे, लेकिन करीब डेढ़ घंटे से जाम में फंसे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचाना मुश्किल हो गया है।


सुमेरपुर की एक फैक्ट्री में कार्यरत सुनील कुमार यादव ने बताया कि वह समय से ड्यूटी के लिए निकले थे। पहले ट्रक में सफर कर रहे थे, लेकिन जाम लगने पर ई-रिक्शा लिया। जब ई-रिक्शा भी आगे नहीं बढ़ पाया तो उन्हें पैदल ही फैक्ट्री के लिए निकलना पड़ा।
उनका कहना है कि देरी होने पर फैक्ट्री में प्रवेश भी नहीं मिल सकता। लखनऊ से आ रहे यात्री अरुण कुमार रावत ने बताया कि वह करीब डेढ़ घंटे से जाम में फंसे हैं और अभी यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि यातायात सामान्य होने में कितना समय लगेगा।
उधर, पुलिस ने सोशल मीडिया सेल के माध्यम से जानकारी दी कि ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस जाम खुलवाने में जुटी है। जल्द से जल्द यातायात को सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।

