Headlines

बंद गोदाम से 50 हजार रुपए की संपत्ति चोरी:पाकुड़ में चोर नकदी, बर्तन और सीसीटीवी डीवीआर लेकर हुए फरार




पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को चोरी की एक घटना सामने आई है। हिरणपुर बाजार के नामोपाड़ा मुहल्ले स्थित मुकेश इंटरप्राइजेज के बंद गोदाम से चोरों ने करीब 15 हजार रुपए नकद, कांसा-पीतल के बर्तन और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर सिस्टम चुरा लिया। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने गोदाम के सामने बने छोटे गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। आशंका है कि बदमाश मुख्य गेट फांदकर अंदर घुसे। उन्होंने कार्यालय के दराज से नकदी और दूसरे कमरे से रखे कांसा एवं पीतल के बर्तनों की चोरी की। पहचान से बचने के लिए चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर सिस्टम भी अपने साथ ले गए। गोदाम संचालक मुकेश भगत ने बताया कि यह कोल्ड ड्रिंक का गोदाम है। उन्होंने पुष्टि की कि नकद राशि सहित करीब 50 हजार रुपए मूल्य के सामान की चोरी हुई है। सूचना मिलने पर हिरणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि हिरणपुर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। हाल ही में पुराना प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सरकारी आवासों से रोजगार सेवकों के घरों में ताला तोड़कर चोरी की वारदात हुई थी। इसके अतिरिक्त, हाथकाठी स्थित एक कार वॉश सेंटर से जेट पंप की चोरी और घाघरजानी-रामनाथपुर मार्ग पर खड़े पांच भारी वाहनों से 700 लीटर से अधिक डीजल चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से बाजार और आसपास के मुहल्लों के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और चोर गिरोह पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *