![]()
बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (SDT) ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपनी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने बलोह फोरलेन लिंक रोड पर एक निजी बस में सवार पंजाब की 22 वर्षीय युवती के कब्जे से लगभग 58 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस ने आरोपी युवती को मौके पर ही गिरफ्तार कर मादक पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल डिटेक्शन टीम मल्यावर क्षेत्र में बलोह फोरलेन लिंक रोड पर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक निजी बस को चेकिंग के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों की तलाशी के दौरान एक युवती के पास से लगभग 58 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार 22 साल की युवती पंजाब के अमृतसर की रहने वाली है। मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस थाना घुमारवीं में आरोपी युवती के खिलाफ 3 अगस्त को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21 के तहत मुकदमा (केस संख्या 153/2026) दर्ज किया गया है। सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस मामले की पुष्टि करते हुए बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी युवती से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और बिलासपुर में किसे डिलीवर की जानी थी। इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (सप्लाई चेन) को पूरी तरह खंगाला जा रहा है। एसपी ने स्पष्ट किया कि बिलासपुर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
Source link
बिलासपुर में बस से चिट्टे के साथ युवती गिरफ्तार:पंजाब के अमृतसर की रहने वाली है आरोपी, चेकिंग के दौरान 58 ग्राम नशा बरामद
