तमिलनाडु में नेता विपक्ष उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार सुबह पुलिस घर से उठा ले गई। उन पर महिला के अपमान से लेकर दंगा भड़काने तक 9 धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ।
.
मामला एक दिन पहले एक रैली का है, जिसमें उदय के भाषण के बीच कुछ लोग सीएम विजय थलापति की करीबी एक्ट्रेस ‘तृषा’ का नाम चिल्लाने लगे। उदयनिधि ने भी मुस्कराते हुए ‘डबल-मीनिंग’ बात कह दी।
सीएम विजय और एक्ट्रेस तृषा की कहानी क्या है, कभी दोस्त रहे विजय और उदयनिधि राइवल कैसे बने और मौजूदा विवाद में आगे क्या होगा; आज के एक्सप्लेनर में…
सवाल-1: उदयनिधि ने रैली में ऐसा क्या किया, जो पुलिस घर से उठा ले गई?
जवाब: 3 अगस्त को तमिलनाडु के तंजावुर में कावेरी जल विवाद पर प्रोटेस्ट चल रहा था। पूर्व सीएम MK स्टालिन के बेटे उदयनिधि ने मंच से कहा, ‘45 हजार मिलियन क्यूबिक फीट पानी आना चाहिए था, लेकिन एक बूंद भी नहीं आई। हमारे सीएम तो इसपर कुछ बोल ही नहीं रहे हैं। उनकी चिंता DMK (उदयनिधि की पार्टी) नेताओं पर झूठे मामले दर्ज करने की है।’
इसी बीच रैली में मौजूद कुछ लोग ‘तृषा-तृषा’ का नारा लगाने लगे। उदयनिधि ने भाषण रोका और भीड़ की तरफ मुस्कराते हुए एक डबल-मीनिंग सेंटेंस बोला। उनके पीछे मंच पर बैठे लोग भी इस पर मुस्कराए। फिर उदयनिधि ने कहा, ‘मैं कावेरी की बात कर रहा था।’
विजय की पार्टी TVK सहित बीजेपी नेताओं ने भी इस पर कड़ा विरोध जताया। उदयनिधि के बयान को तृषा पर सेक्शुअल कमेंट की तरह देखा जा रहा है। TVK प्रवक्ता फेलिक्स जेराल्ड ने कहा, ‘क्या विपक्ष के नेता उदयनिधि अपनी बेटी या बेटे को लेकर भी ऐसा कहेंगे?’
तमिलनाडु बीजेपी प्रवक्ता नारायण तिरुपति ने कहा, ‘उदयनिधि का बयान अश्लील, अमर्यादित और आम जनभावना को ठेस पहुंचाने वाला है। इसके लिए उनको जेल भेजना चाहिए।’

TVK की महिला कार्यकर्ताओं ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ प्रोटेस्ट मार्च निकाला।
सवाल-2: आखिर कौन हैं तृषा, जिनका सीएम विजय के साथ अक्सर जिक्र आता है?
जवाब: पहले ये 3 तस्वीरें देखिए…
4 मई, 2026: जगह थलापति विजय का नीलांकरई वाला घर

इस दिन तमिलनाडु चुनाव के नतीजे आए। विजय की TVK सबसे ज्यादा 108 सीटों पर जीती। तृषा विजय के घर में हैं। इसी दिन तृषा का 43वां जन्मदिन भी था।
10 मई, 2026: विजय का शपथ ग्रहण समारोह, चेन्नई

तृषा विजय के सीएम पद के शपथ समारोह में शामिल हुईं। उनकी भावुक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं।
22 जून, 2026: विजय का जन्मदिन

विजय के 52वें जन्मदिन के बाद तृषा ने ये तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- उस इंसान को जन्मदिन मुबारक, जो हर चीज को मायने देता है।’
इसके पहले 15 मई को तृषा की नई फिल्म ‘करुप्पु’ की स्क्रीनिंग थी। विजय ने ‘करुप्पु’ के लिए सुबह 9 बजे के मॉर्निंग शो (स्पेशल स्क्रीनिंग) की परमिशन दी। जबकि मॉर्निंग शो तमिलनाडु में 3 सालों से बैन था।
स्क्रीनिंग के बाद थिएटर से निकली तृषा से फैन ने कहा, ‘थलापति से कहना- मैंने उनका हालचाल पूछा है।’ इस पर तृषा ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘कंदीपा (जरूर)’।
तृषा और विजय के इस साथ की कहानी पुरानी है..
- 1999 में मिस चेन्नई बनी तृषा ने बिजनेस की पढ़ाई के बाद तमिल और तेलुगु फिल्मों में काम शुरू किया। पहली बार विजय के साथ 2004 में तमिल फिल्म ‘घिल्ली में दिखीं। फिर थिरुपाची (2005), आथी’ (2006) और ‘कुरुवी’ (2008) जैसी फिल्में कीं।
- फिर 15 साल बाद 2023 में ‘लियो’ में दोबारा साथ काम किया। इसके बाद तृषा और विजय अक्सर साथ नजर आने लगे।
- 2 फरवरी 2024 को विजय ने राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) की शुरुआत की। अप्रैल 2026 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले 14 फरवरी को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा- ‘विजय को राजनीतिक अनुभव लेना है, तो उन्हें परिवार पर ध्यान देना चाहिए और तृषा के घर से बाहर आना चाहिए।’
- इस पर तृषा ने कहा, ‘मेरा स्टैंड राजनीतिक रूप से न्यूट्रल है। निजी जीवन को पब्लिक कमेंट्री और चर्चा का मुद्दा नहीं बनाना चाहिए।’
- इसके बाद नागेंद्र ने माफी मांग ली, लेकिन 24 फरवरी विजय की पत्नी संगीता सोरनलिंगम ने तलाक की अर्जी दी। विजय ने 1999 में श्रीलंकाई मूल की संगीता से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं।
- डेक्कन क्रॉनिकल अखबार के मुताबिक, तलाक की अर्जी में संगीता ने कहा कि अप्रैल 2021 में उन्हें विजय के एक एक्ट्रेस के साथ अवैध संबंध के बारे में पता चला था। ये मामला अभी कोर्ट में है।
- इधर तृषा की 2015 में बिजनेसमैन वरुण मनियन से सगाई हुई थी, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए थे।
हालांकि, विजय और तृषा ने अबतक अपने रिश्ते को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।
सवाल-3: उदयनिधि और सीएम विजय की पुरानी राइवलरी, क्या पर्सनल खुन्नस निकाल रहे?
जवाब: इस कहानी के 4 फेज हैं…
1. कॉलेज के दोस्त
- उदयनिधि और विजय दोस्त हुआ करते थे। दोनों चेन्नई के लोयोला कॉलेज से पढ़े हैं। विजय, उदयनिधि से 3 साल सीनियर थे।
- विजय ने फिल्मों के लिए कॉलेज की पढ़ाई छोड़ दी थी। विजय के ही कहने पर उदयनिधि ने अपना प्रोडक्शन हाउस- ‘रेड जायंट मूवीज’ शुरू किया।
2. सिर्फ 1 फिल्म में साथ काम किया
- 2008 में उदयनिधि के प्रोडक्शन हाउस ने विजय और तृषा को लेकर मूवी ‘कुरुवी’ बनाई। ये फिल्म सफल नहीं रही। फिर विजय और उदयनिधि ने कभी साथ काम नहीं किया।
- ‘कुरुवी’ के बाद दोनों में नाराजगी हो गई। 2023 में उदयनिधि ने कहा, ‘विजय आसानी से दोस्त नहीं बनते। जब बनते हैं, तो बहुत करीब हो जाते हैं। कुरुवी के बाद कुछ लोगों ने हमें अलग करने की कोशिश की, हमने दो साल बात नहीं की, लेकिन हम दोबारा दोस्त बने। हालांकि फिर हमने उचित दूरी बनाए रखी।’
- 2012 में उदयनिधि ने भी फिल्म ‘ओरु कल ओरु कन्नाडी’ से एक्टिंग की शुरुआत की थी। तब तक कई ब्लॉकबस्टर हिट्स दे चुके विजय का कद बड़ा हो चुका था। उदय से पूछा गया कि क्या विजय को टक्कर देने फिल्म इंडस्ट्री में आए हैं। उदय ने कहा, ‘मैं पागल नहीं हूं, जो उनसे कॉम्पिटीशन रखूंगा।’
- उदय ने करीब 20 फिल्में की हैं। जबकि विजय आखिरी मूवी ‘जननायगन’ तक करीब 70 फिल्में कर चुके हैं।

विजय के राजनीति में आने से पहले लंबे समय तक वे और उदयनिधि दोस्त थे। तस्वीर ‘कुरुवी’ फिल्म के दौरान ली गई थी।
3. विजय के राजनीति में आने से शुरू हुई राइवलरी
- 2021 में जब उदयनिधि ने पहला विधानसभा चुनाव लड़ा, तो विजय से आशीर्वाद लिया था। यहां तक सब ठीक था।
- असली प्रतिद्वंद्विता तब शुरू हुई, जब विजय ने विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की और उदयनिधि के पिता सीएम MK स्टालिन के खिलाफ बयान देने शुरू किए।
- दरअसल, तमिलनाडु में द्रविड़ आंदोलन से निकली दो पार्टियां- DMK और AIADMK हैं। दोनों तमिल प्राइड, सेकुलरिज्म और एंटी-हिंदी स्टैंड के लिए जानी जाती हैं, लेकिन DMK इन मुद्दों पर ज्यादा कट्टर है।
- जबकि विजय ने एक नए तरीके की द्रविड़ पॉलिटिक्स शुरू की। उन्होंने DMK सरकार में भ्रष्टाचार को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया।
4. राजनीति से पर्सनल खुन्नस तक
- चुनाव प्रचार के दौरान विजय ने DMK पर परिवारवाद का आरोप लगाया और स्टालिन परिवार के खिलाफ तीखे बयान दिए।
- विधानसभा में अपनी पहली स्पीच में उन्होंने एक कहानी सुनाई- ‘एक बुजुर्ग व्यक्ति धूप में कुछ खोज रहा था। एक लड़के ने उससे पूछा कि क्या ढूंढ रहे हैं। उसने जवाब दिया- ‘मैं तुम्हारे पिता को ढूंढ रहा हूं।’
- दरअसल, स्टालिन चुनाव में अपनी कोलाथुर सीट हार गए थे।
- जवाब में उदयनिधि ने विजय के तलाक के मामले की तरफ इशारा करते हुए कहा, ‘चेंगलपट्टू कोर्ट में अपने पति को ढूंढ रही पत्नी की कहानी तमिलनाडु के लोग पहले से ही जानते हैं।’

विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनलिंगम की 1999 में शादी हुई थी। उनका एक बेटा और एक बेटी भी है। दोनों का डिवोर्स केस चल रहा है।
- मई में विजय के सीएम बनने के बाद ये भी खबर आई कि ‘रेड जायंट मूवीज’ ने तृषा को रजनीकांत और कमल हासन स्टारर एक बड़ी फिल्म के लिए 12 करोड़ रुपए ऑफर किए हैं। हालांकि तृषा या उदयनिधि की तरफ से इसे लेकर कोई बयान नहीं आया।
सवाल-4: उदयनिधि पर 9 धाराओं में केस, इनमें होगा क्या? जवाबः 3 अगस्त की घटना के लिए उदयनिधि पर इन 9 धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है…

फिलहाल अग्रिम जमानत की याचिका पर मद्रास हाई कोर्ट ने उदय को रिहा करने का आदेश दे दिया है, लेकिन पुलिस के चार्जशीट दाखिल करने के बाद कोर्ट मामले में आगे की सुनवाई करेगा।
अभियोजन पक्ष महिला का अपमान करने और सार्वजनिक स्थान पर कटाक्ष करने जैसी धाराओं को उदयनिधि के बयान के वीडियो से साबित करने की कोशिश करेगा। हालांकि उदयनिधि ने कहा है कि वे कावेरी नदी के बारे में बात कर रहे थे। सुप्रीम कोर्ट के वकील विराग गुप्ता कहते हैं, ‘उदयनिधि ने खुद किसी का नाम नहीं लिया। ऐसे में ‘बेनेफिट ऑफ डाउट’ मिल सकता है। हालांकि अभियोजन पक्ष ‘तृषा-तृषा’ के नारों के बाद उदयनिधि की मुस्कराहट को उनकी गलत मंशा का आधार बना सकता है।’
वहीं दंगे फैलाना, आपराधिक साजिश, समूहों को भड़काने जैसी धाराएं कोर्ट में कमजोर पड़ सकती हैं, क्योंकि इसके सबूत नहीं है। अक्सर, राजनीतिक टकराव वाले मामलों में केस दर्ज करते समय हर संभव धारा लगा दी जाती है। लेकिन कोर्ट गैर-जरूरी धारा हटा देता है।
————-
ये खबर भी पढ़िए…
क्या थलापति विजय से जलते हैं रजनीकांत; कहां से उठी सीएम बनने में अड़ंगा लगाने की बात, पूरी कहानी जानिए

थलाइवा रजनीकांत ने चेन्नई के पोएस गार्डेन स्थित अपने घर पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। सफाई देते हुए कहा- मैं विजय को तब से देख रहा हूं, जब वो बच्चे थे। उनके सीएम बनने से मुझे क्यों जलन होगी। पूरी खबर पढ़िए…
