Headlines

डबवाली में मेडिकल स्टोरों पर पुलिस की छापेमारी:नशीली दवाओं की जांच तेज, रिकॉर्ड और स्टॉक की जांच




सिरसा जिले के डबवाली में पुलिस ने मेडिकल स्टोरों पर विशेष जांच अभियान चलाया। यह अभियान नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाना, दवा विक्रेताओं को नियमों के प्रति जागरूक करना और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करना है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर डबवाली के प्रबंधक निरीक्षक अवतार सिंह ने अपनी टीम के साथ विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहनता से जांच की गई। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालकों को दी चेतावनी मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के किसी भी नशीली या प्रतिबंधित दवा की बिक्री न करें और सभी दवाओं का रिकॉर्ड नियमानुसार सुरक्षित रखें। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान, मेडिकल संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के लिए भी प्रेरित किया गया। उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज अपराधों की रोकथाम और किसी भी घटना के त्वरित एवं निष्पक्ष खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस बोलीं- जारी रहेगी कार्रवाई पुलिस प्रवक्ता ने यह भी बताया कि नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। आम जनता से अपील की गई है कि यदि उन्हें नशीली दवाओं या मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748, या निकटतम पुलिस थाना/चौकी में सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *