![]()
करनाल की नई अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी ऑफिस में मिले ड्राइवर रोहताश (50) के शव को लेकर मंडी सचिव पर FIR दर्ज हो गई है। परिवार ने हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने 3 आरोपियों पर सुसाइड के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। उधर, कमेटी ऑफिस में ड्राइवर के पतली रस्सी से बंधे शव का वीडियो भी सामने आया। वीडियो में शव एक कमरे में जमीन पर पड़ा था। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए मार्केट कमेटी के सचिव विकास, महिला क्लर्क रितु और अकाउंटेंट अंकित पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार पहले तीनों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा हुआ था, लेकिन पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। रोहताश पिछले करीब 25 से 27 साल से ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था। पहले जानिए वीडियो में क्या दिख रहा… जमीन पर पड़ा था शव, गले में पतली रस्सी वीडियो में ड्राइवर रोहताश का शव एक टेबल के पीछे पड़ा दिख रहा है। गले में बहुत पतली रस्सी बंधी हुई दिख रही है। रस्सी ऊपर पंखे के हुक पर बंधा है, लेकिन शव जमीन पर फाइलों के बीच पड़ा है। मौके पर रोहताश की टेबल पर चाबी भी मिली। अब जानिए पूरा मामला क्या है… 28 सितंबर को सचिव से हुआ था विवाद 30 सितंबर की दोपहर रोहताश का शव मार्केट कमेटी ऑफिस के एक कमरे में मिला था। रोहताश के बेटे नीतिश शर्मा के मुताबिक, 28 सितंबर को उनके पिता का मार्केट कमेटी सचिव विकास से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय सचिव के साथ महिला क्लर्क और एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। नीतिश का आरोप है महिला क्लर्क ने उनके पिता को कई बार फोन किया और परेशान किया। रोहताश ने घर आकर परिवार को इस बारे में बताया था। सुबह 5:30 बजे घर से निकले, 6:11 बजे ऑफिस पहुंचे परिवार के मुताबिक, 29 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 5 बजे रोहताश के पास फोन आया। इसके बाद वह घर से निकले और रास्ते में एक खोखे पर चाय पी। वहां मिले एक दोस्त ने जब हालचाल पूछा तो उन्होंने कहा कि सब ठीक है और उन्हें किसी से मिलकर आना है। CCTV में रोहताश सुबह 6:11 बजे मार्केट कमेटी ऑफिस पहुंचते और बाइक खड़ी करते दिखाई दिए। इसके बाद वह नीचे बने अपने कमरे में चले गए। इसके बाद उनके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। शाम तक घर नहीं लौटे तो परिवार ऑफिस पहुंचा शाम तक रोहताश घर नहीं लौटे तो परिवार ने उनके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद परिजन मार्केट कमेटी ऑफिस पहुंचे। पत्नी नीतू का कहना है कि उन्होंने ऑफिस में लगे CCTV कैमरे चेक कराने की बात कही, लेकिन उस समय फुटेज नहीं दिखाई गई। अगले दिन यानी 30 सितंबर को परिवार को ऑफिस में रोहताश का शव मिलने की सूचना मिली। परिवार ने कहा- गेट पर बाहर से लगा था ताला रोहताश के बेटे नीतिश ने पिता की मौत को लेकर कई सवाल उठाए। उनका कहना है कि रस्सी काफी लंबी थी और शव जमीन पर पड़ा मिला। परिवार का सवाल है कि यदि रोहताश ने खुद फांसी लगाई तो कमरे के बाहर गेट पर ताला कैसे लगा। नीतिश के मुताबिक, गेट का ताला परिवार ने खुलवाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता की हत्या की गई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होनी बाकी है। ड्यूटी को लेकर भी परेशान थे रोहताश पत्नी नीतू के अनुसार, रोहताश मार्केट कमेटी में ड्राइवर के साथ ऑफिस का काम भी देखते थे। उनकी रात की ड्यूटी भी लगती थी। नीतिश का कहना है कि उनके पिता करीब एक महीने से ड्यूटी को लेकर परेशान चल रहे थे। परिजनों ने अपनी शिकायत में सचिव विकास, महिला क्लर्क रितु और अकाउंटेंट अंकित को नामजद किया और तीनों पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया। गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे परिजन 1 अक्टूबर को परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। यहां आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। परिजन तीनों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इनकार कर रहे थे। बाद में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव लेने और अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। पुलिस बोली- हर पहलू से जांच जारी सिटी थाना के SHO रोहताश कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर सुसाइड के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की असल वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, CCTV फुटेज और अन्य जांच के बाद साफ होगी।
Source link
मंडी सचिव ड्राइवर का रस्सी से बंधे शव का VIDEO:करनाल ऑफिस में फाइलों के बीच जमीन पर पड़ा; परिवार बोला-हत्या हुई, सेक्रेटरी-लेडी क्लर्क पर FIR
